उरई। कस्बा कोंच के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक डा. आरके शुक्ला के सरकारी आवास में गुरुवार की रात चोरी हो गई। डा. शुक्ला सपरिवार एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए इंदौर चले गये थे। दूरभाष से उनको घटना की जानकारी दी गई।
कोंच स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक डा. आरके शुक्ला की रिश्तेदारों के यहां इंदौर में विवाह था जिसमें शामिल होने के लिए वे 16 अपै्रल को छुटटी लेकर सपरिवार चले गये थे। रात में उनके आवास पर के चैकीदार अपने साथी के साथ रखवाली के लिए लेटता था। गुरुवार की रात जब चैकीदार डा. शुक्ला के आवास पर पहुंचा तो मुख्य गेट का ताला टूटा देख वह सकपका गया। उसने बगल में रह रहे डा. दिनेश बरधिया को जानकारी दी। डा. दिनेश ने आकर देखा तो कमरों के सारे ताले टूटे थे और सामान बिखरा था। इस पर डा. दिनेश ने फोन से डा. शुक्ला को इंदौर में जानकारी दी। डा. शुक्ला ने आज वापस लौटकर अपने आवास के भीतर देखा और बताया कि चोर उनके घर से सैमसंग का टैबलेट, एक गैस सिलेंडर, मोबाइल फोन और 18 हजार रुपये नगद ले गये। उन्होंने पुलिस को सूचना दी जिस पर कोंच कोतवाली के एसएसआई मनोज सिंह ने घटना स्थल का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि छानबीन की जा रही है चोर जल्द ही पकड़ लिये जायेगें।

Leave a comment