कोंच—उरई । यहां डिप्टी एसपी रहीं रुक्मिणी वर्मा के तबादले के बाद रिक्त पड़े पद पर शुक्रवार को नये डिप्टी एसपी संदीप वर्मा ने आकर कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने सबसे पहले अधीनस्थों की कक्षा लगाई और अपनी कार्यशैली के बाबत उन्हें अवगत कराते हुये काम में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतने की हिदायत दी। जुआ, सट्टा, चोरी, लूट, राहजनी, अबैध खनन जैसे अपराधों पर उनके तेवर काफी तल्ख दिखे, कहा कि इस तरह के अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून पूरी ताकत के साथ निपटेगा। बर्ष 2014 के पीपीएस अधिकारी संदीप वर्मा इससे पूर्व एटीएस लखनऊ में तैनात थे। बतौर सीओ उनकी पहली पोस्टिंग डलमऊ ऊंचाहार में हुई थी। बुंदेलखंड की गरौठा तहसील के मड़ोरी (गुरसरांय) के मूल निवासी वर्मा यहां की भौगोलिक परिस्थितियों से भी बखूबी बाकिफ हैं जिसका लाभ उन्हें अपराध नियंत्रण में मिल सकेगा।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने अपनी प्राथमिकतायें गिनाते हुये कहा कि क्षेत्र में कानून का राज होगा और कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने बालों के साथ सख्ती से निपटा जायेगा। उन्होंने जुआ और सट्टा को अपराधों की जननी बताते हुये कहा कि इलाके में जुआ और सट्टा बिल्कुल नहीं होने दिया जायेगा और इनके खिलाफ अभियान चलाया जायेगा। इलाके में शांति और व्यवस्था बनाये रखने में उन्होंने नागरिकों का भी सहयोग मांगा, कहा कि वह लोगों की मदद के लिये हमेशा तत्पर हैं। लोग यदि समझते हैं कि उन्हें किसी तरह की सूचना उनसे शेयर करनी चाहिये तो बेझिझक उन्हें बतायें, उनसे जो भी संभव हो सकेगा जरूर मदद करेंगे। यातायात व्यवस्था, गोकशी, टप्पेबाजी जैसी घटनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि अभी उन्होंने हाल ही में ज्वाइनिंग की है, स्थितियों परिस्थितियों का अध्ययन करने के बाद जन सहयोग से वह उम्दा परिणाम देने की कोशिश जरूर करेंगे।

 

Leave a comment