कालपी-उरई। औरैया मे रविवार को दो स्थानीय व्यापारी सड़क दुर्घटना की चपेट में आ गये जिनमें से एक गल्ला व्यवसायी की मौत हो गई जबकि दूसरे को नाजुक हालत में कानपुर स्थित प्राइवेट रीजेंसी नर्सिंग होम मे ले जाया गया है।
घटना क्रम के अनुसार स्थानीय गल्ला मंडी के प्रमुख व्यापारी अखिलेश पुरवार (55वर्ष) निवासी मोहल्ला मिर्जा मंडी सदर बाजार अपने साथ नवीन विश्नोई (36वर्ष) इंदिरा नगर को बैठाकर व्यापर के सिलसिले में मोटर साइकिल से औरैया जा रहे थे। औरैया में बाईपास पर हाईवे तिराहे मार्ग को क्रास करते समय उनकी मोटर साइकिल विपरीत दिशा में जा रही दिल्ली-कानपुर रोडवेज बस की चपेट में आ गई जिससे मोटर साइकिल पर सवार दोनों व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गये। इनमें से नवीन विश्नोई ने कुछ ही देर में दम तोड़ दिया। जबकि अखिलेश पुरवार को औरैया के जिला अस्पताल से एंबुलेंस के जरिये रीजेंसी हास्पिटल कानपुर ले जाया गया है। अखिलेश पुरवार के भाई राकेश पुरवार व अन्य परिवारी जन भी कानपुर पहुंच गये हैं। इधर हादसे की खबर फैलते ही परिवारी जनों सहित पूरे कस्बे में शोक फैल गया तथा गल्ला मंडी के व्यापारी इस खबर से स्तब्ध रह गये।





Leave a comment