उरई। जालौन जनपद के निवासी भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री राजेश सिंह को पार्टी ने मध्य प्रदेश विधानसभा का चुनाव प्रभारी बनाया है। उन्होंने सोमवार को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि विपक्ष का इस बार मध्य प्रदेश की सत्ता छीनने का दावा शेखचिल्ली के सपने से ज्यादा महत्व नही रखता। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में एक बार फिर शिवराज सिंह चैहान की भारी बहुमत से सत्ता में वापसी होगी।
राजेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने किसानों की उपेक्षा के आरोप को पूरी तरह नकारते हुए कहा कि उनकी आमदनी दुगनी करने का जो लक्ष्य घोषित किया गया है उसके मुताबिक हर स्तर पर ठोस प्रयास किये जा रहे हैं। 2022 तक मोदी सरकार अपने इस वायदे का साकार स्वरूप देश को दिखा देगी।
उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा ने सरकार से मांग की थी कि अपनी उपज का मूल्य तय करने का अधिकार किसानों को मिलना चाहिए सरकार ने इस पर सैद्धांतिक सहमति दे दी है। जल्द ही इसके बारे में स्पष्ट रूपरेखा देश के सामने आ जायेगी।
राजेश सिंह ने कहा कि बुंदेलखंड के किसानों के सामने सबसे ज्यादा समस्यायें हैं। उन्हें राहत देने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार गंभीरता से चिंतन कर रही है। कृषि यंत्रों पर टैक्स खत्म करने की किसान मोर्चा की मांग जल्द ही मान लिये जाने की आशा है।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की मुख्य फसलें तिलहनी और दलहनी हैं। किसान मोर्चा ने इनका भी समर्थन मूल्य घोषित करने की मांग की थी जिसे मंजूर कर लिया गया है। इस कारण इन फसलों की खरीद के लिए भी क्रय केंद्र स्थापित होगें। पत्रकार वार्ता में भाजपा के वरिष्ठ नेता हरेंद्र विक्रम सिंह भी मौजूद रहे।

Leave a comment