उरई। कानपुर-झांसी हाइवे पर कालपी के नजदीक मंगलवार को फिर हुए एक सड़क हादसे में आठ लोग घायल हो गये। यह हादसा तब हुआ जब बेकाबू डम्फर ने मैजिक वाहन में टक्कर मार दी। सभी घायल मैजिक में सफर कर रहे थे।
विवरण के मुताबिक भोगनीपुर से सवारियां मैजिक में बैठकर कालपी आ रहीं थीं। कालपी में चैराहे पर पीछे से आ रहे डम्फर ने मैजिक में टक्कर मार दी। घायलों में अनुज (28वर्ष) व कल्लू (34वर्ष) निवासीगण रावगंज कालपी, रमेश (40वर्ष) व गोविंद (36वर्ष) निवासीगण उरई, विनोद कुमार (27वर्ष) इटावा, राकेश कुमार पाल (32वर्ष) निवासी लालपुर कानपुर देहात, धर्मपाल (25वर्ष) तथा अर्जुन (18वर्ष) निवासीगण कालपी शामिल हैं। घायलों को पहले कालपी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। बाद में हालत अधिक गंभीर होने के कारण अनुज, कल्लू, रमेश, गोविंद तथा अर्जुन को रेफर कर दिया गया।
खुली परिवहन विभाग की पोल
इस हादसे ने हाइवे तक पर डग्गामारी के बोलवाले की पोल खोल दी। कई बार रोडवेज के द्वारा परिवहन विभाग से शिकायत की जा चुकी है कि हाइवे तक पर अंधाधुंध डग्गामार वाहन चलने की वजह से उसकी बसों में सवारियों का टोटा रहता है। इसके बावजूद परिवहन विभाग कोई कार्रवाई करने को तैयार नही है।






Leave a comment