कालपी –उरई | हिंदू-मुस्लिम एकता संघर्ष समिति कालपी के अध्यक्ष छोटे सिंह चौहान पूर्व विधायक के नेतृत्व में नगर वासियों के द्वारा आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपते हुए समस्याओं के समाधान की मांग उठाई तथा चेतावनी दी कि अगर समस्याओं का निदान न किया गया तो आंदोलन चलाया जाएगा। आन्दोलन की धमकी को लेकर प्रशासन ने समस्या के निस्तारण के लिये गतिशीलता तेज कर दी है।

गुरुवार की सुबह तहसील कालपी के परिसर में हाफिज इरशाद अशरफी, जय खत्री , कमर अहमद पूर्व पालिकाध्यक्ष, नरेश बिश्नोई ,हर्षित खन्ना,  जैनुल आबदीन,  राम प्रकाश पुरवार,  दिनेश बाबू श्रीवास्तव,  बृजेंद्र सिंह, राजेश गुप्ता एडवोकेट सहित दो दर्जन लोगों ने जिलाधिकारी जालौन को संबोधित संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए एसडीएम कालपी सतीश चंद्र को अवगत कराया कि कालपी हाईवे में दुर्गा मंदिर से लेकर मंडी समिति तक फ्लाई ओवर ब्रिज का निर्माण शीघ्र कराया जाए,  आटा टोल प्लाजा वैरियर को बंद किया जाए,  हाईवे रोड में सड़क दुर्घटनाएं न हो सके इसके लिए उचित व्यवस्था की जाए,  सड़क अधूरी होने के कारण हाईवे में जो दुर्घटनाओं मे जो मौतें हो चुकी है उस संबंध में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज करके पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जाए , कालपी बाजार की मेन सड़क का मानक के मुताबिक निर्माण कराया जाए,  नगर में बस स्टैंड का निर्माण कराया जाए,  सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव कालपी रेलवे स्टेशन में कराए जाएं, इस संबंध में उपस्थित लोगों ने चेतावनी स्वरूप कहा कि अगर हम लोगों की मांगों को न मांना गया तो हम लोग विवश होकर क्रमिक अनशन, आमरण अनशन, बाजार बंदी तथा चक्का जाम करने के लिए विवश होंगे। इस संबंध में समिति के सदस्यों ने महामहिम राष्ट्रपति,  प्रधानमंत्री,  केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री, मुख्यमंत्री तथा क्षेत्रीय विधायक तथा सांसद को पत्रों के माध्यम से जानकारियां दे दी गई है।

 

हाईवे की समस्या के लिए मीटिंग 28 को

नगर बाईपास कालपी हाईवे की अधूरी सड़क के कारण रोज-रोज पर लगने वाले वाहनों के जाम तथा सड़क दुर्घटनाओं में मौतों की वृद्धि को लेकर नगर वासियों में आक्रोश पनप रहा है। इस भीषण समस्या से निपटने के लिए क्षेत्रीय विधायक नरेंद्र सिंह  तथा जिला प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिये है। इस संबंध में जनप्रतिनिधियों,  क्षेत्रीय सांसद भानु प्रताप वर्मा,  जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों की मौजूदगी में 28 मई को उच्च स्तरीय मीटिंग का आयोजन किया गया है। समझा जाता है कि बैठक मे कालपी हाईवे की समस्या के समाधान हेतु व्यापक रणनीति तैयार की जाएगी। क्षेत्रीय नागरिकों को मीटिंग के फैसलों को लेकर काफी उम्मीदें हैं।

Leave a comment