उरई। डकोर थाना क्षेत्र में घर में आधी रात में घुसकर दुष्कर्म के प्रयास के दौरान दलित महिला की जहर पीने से हुई मौत के मामले में शुक्रवार को दोपहर बाद उसके परिजनों ने पुलिस कार्यालय के गेट के बाहर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी और बृजलाल खाबरी भी मौके पर पहुंच गये। जिससे हंगामा बढ़ गया। बाद में पुलिस ने नेताओं और पीड़ित परिवार को मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब कहीं धरना खत्म हुआ।
डकोर थाने के खरका गांव में 40 वर्षीय महिला के घर में बुधवार को रात 12 बजे गांव का ही दबंग मकरा राजपूत घुस आया। महिला का पति हरियाणा में मजदूरी करता है। उस समय महिला की सास भी घर में मौजूद थी। सास-बहू ने जमकर प्रतिरोध किया। जिसके कारण मकरा अपने इरादे में कामयाब नही हो पाया और भाग निकला। इसी बीच संदिग्ध स्थितियों में पीड़ित महिला ने जहर पी लिया। जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। यही नही अस्पताल पहुंचने के पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
इस मामले में महिला के परिजनों का कहना है कि मकरा कई दिनों से उसे परेशान कर रहा था। पुलिस को भी सूचना दी गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नही की गई। इसीलिए उसके हौसले इतने बढ़ गये। इतना ही नही घटना के कई घंटे बाद शुक्रवार तक भी इस मामले में कोई मुकदमा कायम नही हो पाया था।
इसलिए आज पोस्टमार्टम के बाद महिला के परिजन ट्रैक्टर से शव लेकर दोपहर बाद एसपी आफिस के गेट के सामने धरना देकर बैठ गये। जानकारी मिलने पर पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी और पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी के भी पहुंच जाने से सैकड़ों की भीड़ वहां जमा हो गई। यह देखकर पुलिस प्रशासन के हाथ-पैर फूल गये। हालांकि बाद में सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रुद्रकुमार सिंह ने अधिकारियों के हवाले से नेताओं और पीड़ित परिवार को मुकदमा लिखकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिस पर वे धरना और जाम खत्म करने को सहमत हो गये।

Leave a comment