उरई। आसमान बरसती आग और तपती गर्मी से आम जनमानस बुरी तरह परेशान है वहीं कदौरा विकास खंड के ग्राम आटा में लोग पानी के लिए तरस रहे हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे गांव आटा में जहां आये दिन उच्चाधिकारियों की आवाजाही बनी रहती है। वहीं बताया जाता है कि आधा सैंकड़ा से ऊपर लगे गांव के हैंडपंपों में दो दर्जन से अधिक खराब हो जाने के कारण पानी की किल्लत हो रही है। वैसे तो गांव में पाइप लाइन से भी पेयजल सप्लाई होती है किंतु आये दिन विद्युत आपूर्ति वाधित रहने व जल स्तर गिर जाने से नलकूंप सुचारू रूप से नही चल पा रहे। जिससे कई घरों में पानी नही पहुंच पा रहा है।
बताया गया है कि आटा सहकारी समिति के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप तिवारी के घर के नजदीक व टेलीफोन एक्सचेंज के सामने लगे हैंडपंप कई महीनों से खराब पड़े हैं। कई हैंडपंप ऐसे हैं जो तकनीकी खराबी के कारण ठप्प हैं। लेकिन कोई इनकी सुध लेने वाला नही है। लोगों ने बताया कि उक्त हैंडपंपों की खराबी और पानी की किल्लत को लेकर ग्राम प्रधान सत्य नारायण वर्मा व पंचायत सचिव को अवगत कराया जा चुका है। गांव में आने वाले उच्चाधिकारियों के भी संज्ञान में उक्त समस्या को लाया गया। लेकिन किसी के द्वारा राहत के लिए कोई कदम नही उठाया जा रहा है।

Leave a comment