जालौन-उरई। भीषण गर्मी और रमजान के महीने में मोहल्ला तोपखाना स्थित पेयजल नलकूप तीन दिनों से ठप्प है जिससे कई मोहल्लों में लोग जीने-मरने की जददो जहद झेल रहे हैं।
मोहल्ला तोपखाना स्थित नलकूप से तोपखाना के साथ-साथ चिमनदुबे, खटीकान, दलालनपुरवा, रापटगंज, मुरलीमनोहर आदि मोहल्लों में जलापूर्ति की जाती है। पिछले तीन दिनों से इस पूरे इलाके में जलापूर्ति ठप्प है। इससे सबसे ज्यादा त्रस्त रोजेदार हैं। रमजान के पहले शांति समिति की बैठक में बिजली पानी की स्थिति को लेकर प्रमुखता से चर्चा हुई थी। जिसमें अधिकारियों ने लंबे-चौड़े आश्वासन दिये थे। पर हाल यह है कि दोनों ही व्यवस्थायें भगवान भरोसे चल रही हैं। पहले यहां बिजली ही रुला रही थी अब पानी ने भी लोगों को रुलाना शुरू कर दिया है।
अशफाक राईन, जावेद अख्तर, इमरान अंसारी, मास्टर फारूख अहमद, अमर सिंह, भगवान सिंह, श्यामू, गजेंद्र सिंह, गोपाल वर्मा आदि ने बताया कि उनके यहां लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। हैंडपंप भी खराब पड़े हैं। सीमित संख्या में चालू हैंडपंपों पर इसीलिए भारी भीड़ टूटती है। लोगों का पूरा दिन पानी भरते ही बीत जाता है जिससे उनकी दिनचर्या गड़बड़ा गई है। उधर नलकूपों पर तैनात पंप आपरेटरों के बारे में शिकायत है कि उनका आने-जाने का कोई निर्धारित समय नही है। हालांकि जल संस्थान के अवर अभियंता हरिकेश पटेल ने तसल्ली देते हुए बताया कि तकनीकी खराबी के कारण नलकूप बंद था जो एक-दो दिन में चालू करा दिया जायेगा।

Leave a comment