जालौन-उरई। गुरुवार को आई आंधी से एक दर्जन गांवों में गुल हुई बिजली की बहाली तीसरे दिन तक भी नही हो पाई है। बिजली विभाग के सूत्रों के अनुसार आपूर्ति सामान्य होने में अभी तीन से चार दिन का समय और लग सकता है।
तीन दिन पूर्व आई आंधी के कारण दर्जनों गांवों में बिजली के खंभे उखड़ गये हैं। इसके कारण महियाखास, प्रतापपुरा, सींगपुरा, औरेखी, हरीपुरा, जगनेवा, शेखपुर बुजुर्ग, सारंगपुर, कुदरा कुदारी, बिरिया आदि गांवों की बिजली बंद है। गर्मी के मौसम में तीन दिन बिजली न आने के कारण ग्रामीण परेशान हैं।
गुरुवार को आई आंधी का सर्वाधिक नुकसान ऊमरी फीडर को हुआ है जिसके कारण एक दर्जन गांवों की बिजली पूरी तरह ठप्प है। एसडीओ नवीन सिंह ने बताया कि जब तक खंभे उपलब्ध नही कराये जाते तब तक सभी गांव की बिजली व्यवस्था बहाल करना संभव नही है। उन्होंने बताया कि जिन गांवों में नुकसान कम है उनमें काम चल रहा है। ऐसे गांवों में एक-दो दिन में आपूर्ति बहाल हो जायेगी। शेखपुर बुजुर्ग में करीब डेढ़ सौं खंभे टूटे हैं इसलिए समय लगेगा।






Leave a comment