उरई। झांसी रोड पर रामश्री पब्लिक स्कूल में 40 वर्ष से अधिक आयु के स्वयं सेवकों के लिए चल रहे संघ के द्वितीय वर्ष के शिविर में साढ़े चार सौ स्वयं सेवक प्रशिक्षण ले रहे हैं। शनिवार को सुबह 11 बजे संघ प्रमुख मोहन भागवत इस शिविर में प्रवास करने पहुंचे जो रविवार को अपरान्ह 4 बजे तक रहेगें। इस दौरान परिंदों तक को पर न मारने देने की तर्ज की अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था कायम रखी गई है। भाजपा के दिग्गज और मीडिया को भी इसमें प्रवेश नही दिया गया। पुलिस भी इलाके को पूरी मुस्तैदी से कवर किये है। हालांकि पुलिस को भी भीतर जाने की इजाजत नही है।
द्वितीय वर्ष के शिविर में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और नेपाल के साढ़े चार सौ स्वयं सेवक भाग ले रहे हैं। 20 दिन के इस शिविर का समापन 11 जून को होगा। उधर एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल में कानपुर प्रांत के नये स्वयं सेवकों के लिए प्रथम वर्ष का प्रशिक्षण चल रहा है।
द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षण शिविर में आज और कल संघ प्रमुख के स्वयं के प्रवास के कारण हलचलें तेज रहीं। मीडिया को संघ प्रमुख की झलक तक नही लेने दी गई। हालांकि सूत्रों से पता चला है कि उन्होंने स्वयं सेवकों से अपने संवाद में उन्हें राष्ट्र पे्रम और सामाजिक समरसता की घुटटी पिलाई। संघ प्रमुख ने राष्ट्र के लिए दरपेश चुनौतियों को रेखांकित किया और उनके मुकाबले के लिए बलिदानी भावना के साथ स्वयं सेवकों से तत्पर रहने का आवाहन किया। संघ प्रमुख ने स्वयं सेवकों से कहा कि वे अपने को उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करने की भावना के साथ समाज में आचरण करें तभी देश और संघ मजबूत हो सकेगा।

Leave a comment