उरई। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघ चालक मोहन भागवत ने कहा है कि समाज में अच्छाई और बुराई दोनों तरह की प्रवृत्तिया काम करती हैं। लेकिन हमें बुराई की तरफ जाने की जरूरत नही है। बुराई को छोड़कर अच्छाई को देखने की जरूरत है।
सर संघ चालक झांसी रोड स्थित रामश्री पब्लिक स्कूल में चल रहे शिक्षा वर्ग के द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षण शिविर में प्रवास के दौरान दूसरे दिन रविवार को अपना बौद्धिक दे रहे थे। इस शिविर में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अलावा नेपाल के भी 40 वर्ष से अधिक आयु के स्वयं सेवक शामिल हैं। संघ प्रमुख ने इस अवसर पर कहा कि अगर आप बुराई की तरफ जाओगें तो लक्ष्य हमेशा अधूरा रहेगा। समाज में लोगों की बुराई देखने वाले ज्यादा हैं लेकिन हमें अच्छाई देखने वाले लोग चाहिए। अगर आप बुराई की तरफ जाओगे तो लक्ष्य प्राप्त नही हो पायेगा।
उन्होंने स्वयं सेवकों को नसीहत दी कि सब को सुनो, सब को देखो, मगर बोलने की आदत को कम करो। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को संघ से जोड़ने का काम किया जाना चाहिए। संगठन को मजबूत करने का लक्ष्य स्वयं सेवक बनायें। हर व्यक्ति को संघ से जोड़ने का प्रयास करें।
संघ प्रमुख ने दूसरे दिन भी अपने कार्यक्रम में न तो भाजपा के जनप्रतिनिधियों को फटकने दिया और न ही मीडिया को। शिविर स्थल की ओर जाने वाली सड़क पर खड़े होने तक से मीडिया को रोका गया। भाजपा के सांसद और तीनों विधायक संघ के अधिकारियों से संघ प्रमुख से मिलने की सिफारिश लगवाते रहे लेकिन उनके हाथों नाकामी ही लगी। गौरतलब है कि 20 दिन के विशेष शिविर में साढ़े चार सौ प्रशिक्षाणर्थी भाग ले रहे हैं। 21 मई को प्रशिक्षण शुरू हुआ था जिसका समापन 11 जून को होगा। इसके अलावा प्रथम वर्ष का प्रशिक्षण भी पास मे ही एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल में चल रहा है। जिसमें कानपुर प्रांत के सभी जिलों के नये स्वयं सेवक शामिल हैं।






Leave a comment