रामपुरा-उरई । पंद्रह दिन पहले करेंट लगने से जलकर घायल हुए  युवक की आज दिल्ली अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो जाने से गांव में शोक की लहर व्याप्त हो गई।

रामपुरा थाना अंतर्गत ग्राम जगम्मनपुर निवासी अखिलेश कुमार सिंह चंदेल का तीस वर्षीय पुत्र अमरजीत सिंह उर्फ गौरव चंदेल राजस्थान के भिवाड़ी शहर में टाइल्स कंपनी में इलेक्ट्रिकल सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। 11 मई की शाम लगभग पांच बजे जब वह ड्यूटी कर फैक्ट्री से बाहर निकल रहा था सभी सीनियर स्टाफ ने उससे कोई फॉल्ट ठीक करने को कहा। कंपनी के विद्युत कंट्रोल रूम से शिड्डाउन लेकर जब गौरव 11000 वोल्टेज की विद्युत पोल पर चढ़ा और लाइन ठीक करने लगा तभी किसी ने बिजली की सप्लाई चालू कर दी जिससे वह खंभे पर ही जलने लगा। सहयोगी कर्मचारियों द्वारा चीख पुकार मचाने पर विद्युत सप्लाई बंद करके उसे खंभे से उतार कर घायल अवस्था में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां आज 27 मई की रात इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। दिल्ली पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। अमरजीत उर्फ गौरव की मृत्यु की खबर जैसे ही उसके पैतृक गांव जगम्मनपुर पहुंची पूरे गांव में शोक की लहर दौड़  गई। सुबह से ही अखिलेश चंदेल के घर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है।

 

Leave a comment