कोंच।–उरई आयुर्वेदिक चिकित्सा विभाग द्वारा चलाई जा रही आयुष आपके द्वार योजना के तहत तहसील क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में चल रहे आयुर्वेदिक चिकित्सालयों के डॉक्टरों की पूरी टीम ने ग्राम सिमिरिया में आयोजित श्रीराम महायज्ञ के दौरान छह दिवसीय बिशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया जिसमें उन्होंने 2256 रोगियों का परीक्षण किया और उन्हें नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराईं। चिकित्सकों ने मरीजों और उनके तीमारदारों को गर्मी के मौसम में खान पान में बिशेष सतर्कता बरतने की भी सलाह दी।
ग्राम सिमिरिया में लगाये गये इस कैम्प का रविवार को समापन हो गया। इन छह दिनों में न केवल ग्राम सिमिरिया बल्कि आसपास के लगभग दो दर्जन गांवों से भी लोग यज्ञ में पहुंचे और वहां लगाये गये स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का लाभ लेते हुये स्वास्थ्य परीक्षण कराया। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय सिमिरिया के तत्वाधान में आयोजित इस ‘आयुष मेलेÓ में नरी, कोंच, अंडा, एट, चांदनी आदि के आयुर्वेदिक चिकित्सालयों ने पुरा सहयोग किया। सिमिरिया चिकित्सालय के प्रभारी डॉ. सत्येन्द्र पटेल ने बताया कि इन छह दिनों में 2256 रोगियों का परीक्षण कर जरूरी हिदायतें दी गईं। चिकित्सकों डॉ. जितेन्द्र वर्मा, डॉ. अभिलाषा सिंह, डॉ. केशवनाथ, डॉ. विनोदकुमारी गुप्ता, डॉ. विवेक राजपूत, फार्मासिस्ट प्रेमकिशोर रिछारिया, अवधेश दीक्षित, स्वास्थ्य कर्मी रामप्रकाश, अखिलेश कुशवाहा आदि का सराहनीय योगदान रहा। यज्ञाचार्य रामसिया सरकार ने भी शिविर का अवलोकन कर साधुवाद दिया। आभार प्रधान डॉ. केदारनाथ निरंजन ने जताया।






Leave a comment