उरई। जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कैथ में तीन वर्षीय मासूम को हत्या कर दफन किये जाने के झकझोर देने वाले मामले की गुत्थी सुलझाना पुलिस के लिए टेढ़ी खीर बना हुआ है। पुलिस कई संदिग्धों से कोतवाली में बुलाकर पूंछतांछ कर चुकी है। लेकिन अभी तक हत्यारे के बारे में कोई सुराग नही लग पाया है।
चार दिन पहले कैथ ग्राम में इंद्रपाल का तीन वर्षीय पुत्र सम्राट घर के बाहर खेलते समय गायब हो गया था। बाद में उसका शव तालाब के किनारे दफन मिला। उसकी अगवा करने के बाद हत्या की गई थी। इंद्रपाल का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नही है। लेकिन पारिस्थितिक साक्ष्य चींख-चींख कर कह रहे हैं कि हत्या करने वाला उन्हीं के गांव का कोई शख्स है।
इस मामले में एक चर्चा तंत्र-मंत्र के लिए बच्चे की जान ली जाने की सामने आई है। पुलिस ने गांव के कई लोगों को इस सिलसिले में पूंछतांछ के लिए बुलाया। लेकिन अभी तक किसी से कोई ठोस सुराग हासिल नही लग सका है। फिर भी कोतवाल संजय कुमार गुप्ता का कहना है कि पुलिस की मेहनत को देखते हुए जल्द ही वारदात का खुलासा हो जायेगा।

Leave a comment