उरई। हिन्दी पत्रकारिता ने प्रमाणिकता के विकास के नये शिखर छुए हैं। पहले अधिकारी केवल अंग्रेजी अखबारों को संज्ञान में लेते थे लेकिन हिंदी पत्रकारिता की इस छलांग की वजह से अब उन्हें सबसे पहले हिन्दी अखबारों और चैनलों का अवलोकन करना पड़ता है। इस देश में हिन्दी पत्रकारिता का भविष्य बेहद उज्जवल है।
यह बात बुधवार को स्थानीय मंडप प्रेक्षागृह में हिंदी पत्रकारिता दिवस पर उपजा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक अग्निहोत्री और संचालन रेडक्रास के सचिव युद्धवीर कंथरिया ने किया।
विषय प्रवर्तन करते हुए अमर उजाला के सेवा निवृत्त ब्यूरो चीफ और एडीआर के प्रदेश संयोजक अनिल शर्मा ने कहा कि ईमानदारी का गुण पत्रकारिता की रीढ़ है। यदि पत्रकार यह गुण गवां देगा तो वह बेजान हो जायेगा। व्यापारी नेता केके गहोई, सत्यपाल शर्मा, जल संरक्षण के लिए देश भर में अपने काम की वजह से ख्यात रामकृष्ण शुक्ला, जालौन जिले के पहले हिंदी दैनिक के संपादक यज्ञदत्त त्रिपाठी, गल्ला व्यापार संघ के अध्यक्ष प्रदीप माहेश्वरी, उत्तर प्रदेश ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रवण कुमार द्विवेदी, कोंच के वरिष्ठ पत्रकार बृजेंद्र मयंक ने भी इस अवसर पर अपने विचार प्रकट किये।
सेवा निवृत्त आईआरएस अधिकारी शंभू दयाल ने कहा कि पत्रकारों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ कोई समझौता नही करना चाहिए। जब पत्रकार इस मामले में दृढ़ होगें तभी यह संस्था अपनी ख्याति और साख के अनुरूप मजबूत रह सकेगी। अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर चौधरी, ट्रक आपरेटर यूनियन के अध्यक्ष अपना सगीर और नगर क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार ने भी विचार प्रकट किये।
कार्यक्रम में रामशरण जाटव, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश तिवारी, शिक्षक नेता अशोक राठौर, अवनीश चंद्र द्विवेदी बब्बुल महाराज, इलेक्ट्रोनिक मीडिया के पत्रकार अनुज कौशिक, रामनरेश यादव कुठौंदा, सुरेंद्र द्विवेदी ईंटों, सुरेश मिश्रा बंगरा, राममनोहर यादव न्यामतपुर, विष्णु चतुर्वेदी, मुन्ना लाल चौरसिया, अकील अहमद आदि भी उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन करते हुए उपजा के जिलाध्यक्ष अरविंद दुबे ने जिले में शीघ्र ही कई जिलों का नवोदित पत्रकार प्रशिक्षण शिविर आयोजित कराने की जानकारी दी। प्रदेश अध्यक्ष दीपक अग्निहोत्री ने कहा कि प्रत्येक जिले में पत्रकार भवन का निर्माण, मीडिया आयोग का गठन, मीडिया सुरक्षा कानून लागू करने और मजीठिया आयोग की सिफारिशों का क्रियान्वयन उपजा के एजेंडे में प्राथमिकता के साथ शामिल है।






Leave a comment