उरई। गोहन थाना क्षेत्र में खेत में डंठल न जलाने के प्रशासन के फरमान की अनदेखी के कारण पांच लाख रुपऐ से अधिक कीमत के इमारती पेड़ जलकर खाक हो गये। पीड़िता ने इसकी सूचना देते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
गोहन थाने के शहबाजपुर की निवासिनी सरिता देवी पत्नी महेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी नाबालिक पुत्रियों मेघा और राधा के नाम से शहबाजपुरा मौजे में कायम आराजी में यूकेलिप्टिस के दो हजार पेड़ लगे थे। पेड़ों की लंबाई लगभग 25 फुट थी।
इसी आराजी से सटा हुआ गुडडी देवी पत्नी लालसिंह का खेत है जिसमें गेंहूं की फसल बोई गई थी जो कटवाई जा चुकी थी। 26 मई को खेत में बचे इसके डंठल जलाने के लिए गुडडी देवी और लालसिंह और उनके पुत्र महेंद्र प्रताप सिंह ने अपने खेत में आग लगा दी। जबकि जिला मजिस्ट्रेट इस तरह की हरकत के खिलाफ सख्त आदेश जारी कर चुके थे।
खेत में लगाई आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। जिसकी चपेट में आकर सरिता देवी के खेत के यूकेलिप्टिस के पेड़ जलकर खाक हो गये। इस नुकसान से बदहवास सरिता देवी ने अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a comment