कोंच-उरई । जन सूचना अधिकार मंच जन शिकायतों पर कार्यवाही कराने के प्रभावी पैरोकारी करेगा, साथ ही भ्रष्ट अधिकारियों व कर्मचारियों को भी सबक सिखाये जाने की पहल करेगा। यह बात मंच के अध्यक्ष मुदित चिरवारिया ने मंच कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान कही। बाद में उन्होंने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि झांसी जनपद में बड़े खुलासे कर दोषियों को जेल की हवा खिलवाने में मंच की प्रभावी भूमिका रही है, यह मुहिम अब जनपद जालौन भी शुरू की जा रही है। कोंच तहसील में ही अब तक दो सैकड़ा सदस्य मंच से जुड़ चुके हैं।

गोविन्द कॉपलेक्स में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुये उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि कोंच के किसी भी कार्यालय में यदि भ्रष्टाचार होता नजर आये तो उसकी आरटीआई लगाकर दस्तावेज हासिल करें तथा ऐसे मामलों के आडियो वीडियो बनाकर भ्रष्टाचार उजागर करें। जनसमस्यों को निस्तारित करायें, यदि आवेदन या शिकायती पत्र पर कार्यवाही नहीं होती है तो आरटीआई लगाकर रोजाना की प्रगति रिपोर्ट मांगे। किसी सदस्य को भ्रष्टाचार उजागर करने मे कोई खतरा हो तो वह संस्था को बताये, संस्था के पदाधिकारी उसकी हर संभव मदद करेंगे। उन्होंने संस्था के सदस्यों को भी चेतावनी दी कि किसी भी तरह से गलत कार्यों को बढावा न दें, अन्यथा उसके खिलाफ भी कार्यवाही होगी। संचालन ब्रह्मसिंह कुशवाहा ने किया। राजेश तिवारी, आशीष कुशवाहा, रामकिशोर शर्मा, ब्रजमोहन राजपूत, नागेन्द्र कुमार, मनोज तिवारी, राजेशसिंह, कैलाशबाबू, मोहम्मद इरफान, मोहम्मद हरीद, भीमकुमार, शिवम सिंह सेंगर, हिमांशु शर्मा, हरिवंश कुमार, फरहान अहमद, शिवा ठाकुर, अमनकुमार तिवारी, केके राजपूत, राकेश तिवारी, नरेन्द्र द्विवेदी, गुड्डू तिवारी सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Leave a comment