
* बीच बाजार की घटना, दुकान पर काम करने बाले नौकर को पड़ोसी ने बनाया निशाना
कोंच-उरई । बीच बाजार एक युवक पर तेजाब फेंके जाने के कारण इलाके में हड़कंप मच गया। जिस युवक पर तेजाब फेंका गया वह एक दुकान पर नौकर है। पीडि़त को तत्काल एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों की तत्परता के कारण उसकी हालत में सुधार है। घटना के पीछे कारण बताया गया है कि उक्त नौकर ने दुकान मालिक के कहने पर दुकान का सामान पड़ोस के मंदिर के सामने लगा दिया और पुजारी के मना करने पर वह नहीं माना जिससे गुस्साये पुजारी ने मंदिर के भीतर से लाकर उस पर तेजाब फेंक दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक जवाहर नगर इलाके के बाजार में हेमंतकुमार अग्रवाल पुत्र रामबाबू अग्रवाल की इलेक्ट्रिक सामान की दुकान है। दुकानदार के कहने पर उसके नौकर भानुप्रताप वर्मा पुत्र भंवरसिंह निवासी ग्राम तूमरा ने दुकान का कुछ सामान कूलर बगैरह पड़ोस के मंदिर की दीवार से सटा कर रख दिये। इस पर मंदिर के पुजारी दीपक तिवारी ने उसे सामान मंदिर की दीवार से सटा कर रखने से मना किया और वहां से सामान हटाने को कहा लेकिन नौकर ने चूंकि दुकान मालिक के कहने पर वह सामान वहां जमाया था सो उसने पुजारी की बात अनसुनी कर दी। गुस्साया पुजारी दीपक मंदिर के अंदर गया और एक डिस्पोजल गिलास में सफेद पदार्थ ले आया तथा नौकर भानुप्रताप के चेहरे पर फेंक दिया। उक्त पदार्थ चेहरे पर गिरते ही नौकर चीखने लगा तो आस पड़ोस के लोग दौड़ पड़े और उसके चेहरे पर पानी डाल कर उक्त सफेद पदार्थ धो डाला एवं तत्काल उसे समीप के निजी नर्सिंग होम में ले गये जहां चिकित्सकों ने तत्परता दिखाते हुये स्थिति पर काबू पा लिया। सूचना मिलते ही कोतवाल विनोदकुमार मिश्रा दल बल के साथ अस्पताल पहुंच गये और घटना के बाबत जानकारी करने के बाद मौके का भी निरीक्षण किया। चिकित्सक के मुताबिक फेंका गया पदार्थ तेजाब ही था जिससे पीडि़त की आंखों और चेहरे पर जलन हो रही थी। फिलहाल, उसे सीएचसी शिफ्ट कर दिया गया है। कोतवाल विनोदकुमार मिश्रा का कहना है कि अभी तहरीर नहीं आई है, तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जायेगी। गौरतलब यह भी है कि दुकान के सामान को लेकर चार दिन पहले भी पुजारी और दुकानदार के बीच कहासुनी और हाथापाई हुई थी लेकिन उस दिन मामला रफादफा करा दिया गया था।







Leave a comment