* गांव के बता कर बदमाशों ने दी लिफ्ट और तराश दी जेब
कोंच-उरई । कस्बे में बदमाशों की सक्रियता अचानक बढ गई है, सोमवार को दो बाइक सवार बदमाशों ने एक अंधे व्यक्ति को अपना शिकार बना कर उसकी जेब से साढे छियालीस हजार पार कर दिये। बदमाशों ने उस अंधे व्यक्ति को गांव के ही निवासी बता कर अपनी बाइक पर लिफ्ट दी और आगे चल कर उसकी जेब तराश दी। लुटा पिटा अंधा कोतवाली में तहरीर दे आया है।
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम कुदारी निवासी एक अंधा वृद्घ लक्ष्मीदास अपनी देवगांव स्थित रिश्तेदारी से लौट कर कोंच आया था और यहां से अपने घर कुदारी जाने के लिये जल संस्थान कार्यालय के नीचे पानी की टंकी के पास वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी बीच एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति उसके पास आकर रुके और उससे पूछा कि बाबा कहां जाना है। वृद्घ ने बताया कि उसे कुदारी जाना है। इस पर बाइक सवारों ने उससे कहा कि वे लोग भी कुदारी के हैं और गांव जा रहे हैं। इतना कह कर उन्होंने वृद्घ को बाइक पर बीच में बिठा लिया। थोड़ा आगे जाने के बाद उन दोनों बाइक सवारों ने अंधे वृद्घ से कहा कि अब उन्हें कुछ काम निकल आया है अत: वे गांव नहीं जायेंगे। बेचारा वृद्घ बड़ी माता मंदिर से पहले ही बाइक से उतर गया। इस पचास मीटर की ही दूरी में उन बाइक सवार बदमाशों ने अंधे की जेब तराश दी और साढे छियालीस हजार पार कर दिये। अंधे वृद्घ के मुताबिक वह बाइक से उतर कर टैम्पो स्टैंड पर आया और उसने जेब पर हाथ रखा तो जेब कटी हुई थी और उसमें पड़े रुपये नदारत थे। अंधे वृद्घ ने कोतवाली में तहरीर दे दी है।






Leave a comment