उरई। बिजली विभाग के अधिकारियों की गैर जिम्मेदाराना कार्य प्रणाली का खामियाजा प्राइवेट लाइनमैन भुगत रहे हैं। सोमवार को देर रात इसी के चलते हाईटेंशन लाइन ठीक कर रहे प्राइवेट लाइनमैन सुरेश कुमार (45वर्ष) की जालौन में मौत हो गई। जिससे गुस्साये लाइनमैनों ने वहां काम बंद कर दिया।
उक्त लाइनमैन जालौन के पास लौना में शटडाउन लेकर कल देर रात हाईटेंशन लाइन में काम कर रहा था। इसी दौरान लाइन चालू कर दी गई। जिससे वह करंट की चपेट में आकर खंभे से नीचे गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
आक्रोशित लाइनमैनों ने इसके बाद आज काम बंद करने की घोषणा कर दी। जिससे जालौन क्षेत्र में लोगों को फाल्ट ठीक न होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। लाइनमैनों की हड़ताल के बाद जागे अवर अभियंता उनके बीच पहुंचे और उनकी समस्यायें सुनने के साथ निदान कराने का आश्वासन देते हुए जब काफी आरजू मिन्नत की तब कहीं जाकर दोपहर बाद लाइनमैन काम पर वापस लौटे।
लाइनमैनों ने बिजली के खंभों पर प्राथमिकता के आधार पर क्रासिंग बनवाने की मांग की। उन्होंने बताया कि लाइनमैनों के पास न ग्लब्स हैं और न सैफ्टी बैल्ट और न ही अर्थिंग पैन है। विभाग की नसैनी पुलिस चैकी की शोभा बढ़ा रही है। आये दिन हो रहे हादसों के बावजूद लाइनमैनों के लिए सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने पर ध्यान नही दिया जा रहा है।
तीन माह में चार लाइनमैनों की मौत
पिछले तीन माह में तीन प्राइवेट लाइनमैन अव्यवस्थाओं की वजह से मौत के मुंह में जा चुके हैं। 3 अप्रैल को मुरली मनोहर निवासी सचिन खटीक (32वर्ष), 11 अप्रैल को कुअरपुरा निवासी रामकरन रजक (32वर्ष) तथा 10 मई को उदोतपुरा निवासी दिलीप विश्वकर्मा (32वर्ष) की मौत इसमें शामिल है। चैथी मौत कल रात लौना में सुरेश कुमार की हो गयी। इसके अलावा खकसीस निवासी संतोष कुशवाहा (25वर्ष) करंट लग जाने से झुलस गया था। जालौन के मोहल्ला चुर्खीबाल निवासी कमलेश कुशवाहा जर्जर बिजली के खंभे के गिर जाने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गये थे।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
अधिशाषी अभियंता तनवीर सिंह ने बताया कि लाइनमैनों के साथ लगातार हो रही दुर्घटनाएं दुखद हैं। हादसों को रोकने के लिए मोबाइल से अनुरोध पर शटडाउन बंद करा दिया गया है। क्षतिग्रस्त लाइनें व खंभें प्राथमिकता के अधारा पर बदलने के निर्देश दिये गये हैं। लाइनमैनों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरण मुहैया कराने के प्रयास किये जा रहे हैं।






Leave a comment