उरई। यातायात सुरक्षा के नाम पर भारी बजट खर्च होने के बावजूद जालौन जिला सड़क हादसों का गढ़ बनता जा रहा है। मंगलवार को आटा क्षेत्र में मोटर साइकिलों के आमने-सामने टक्कर में एक मोटर साइकिल सवार घायल होकर मरणासन्न हालत में पहुंच गया। माधौगढ़ में तेज रफ्तार बुलेरो की टक्कर से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
आटा थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरायां के पास आटा इटौरा मार्ग पर दो मोटर साइकिलें आमने-सामने टकरा गईं। जिसमें ग्राम स्वासा जिला हमीरपुर निवासी पदम (23वर्ष) पुत्र रामबहादुर बुरी तरह घायल हो गया। वह मोटर साइकिल से पुलिस की परीक्षा देने के लिए उरई जा रहा था। दुर्घटना के बाद दूसरा मोटर साइकिल चालक भाग निकला। घायल पदम को 108 एंबुलेंस से इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
उधर माधौगढ़ में चितौरा बस स्टैण्ड के पास तेज रफ्तार बुलेरों के टक्कर मारने से पांच वर्षीय बालक मंगल पुत्र नरेश बाबू घायल हो गया। उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौगढ़ में दाखिल कराया गया था लेकिन हालत नाजुक होने की वजह से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

Leave a comment