उरई। जिला मुख्यालय से चंद किलोमीटर दूर राठ रोड पर शताब्दी महाविद्यालय के बरामदे में बुधवार को खून से लथपथ एक शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। खबर पाकर पहुंचे पुलिस के उच्चाधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूंछतांछ करके मृत युवक के बारे में जानकारी बटोरने की कोशिश की। युवक की शिनाख्त नही हो पाई है। पुलिस अधीक्षक ने मदद के लिए फारेंसिक टीम को भी बुला लिया जिसने मौके से कई नमूने इकटठे किये।
डकोर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई उक्त घटना का पता तब चला जब शताब्दी महाविद्यालय में एक शिक्षक सुबह पहुंचे। उन्हें युवक का शव दिखाई दिया। जिसके आसपास काफी खून फैला था। मृतक की गर्दन में धारदार हथियार के निशान थे।
घबराये शिक्षक ने पुलिस को सूचना दी जिससे खलबली मच गई। पहले अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी ने घटना स्थल का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह भी पहुंच गये। उन्होंने महाविद्यालय प्रबंधन से सीसीटीवी कैमरों के बारे में पूंछा लेकिन कालेज बंद होने से कैमरे भी ठप्प थे। मृतक की उम्र 30-32 साल अनुमानित की गई है। पुलिस के सामने सबसे पहली चुनौती उसकी पहचान कराना है। पुलिस अधीक्षक ने भी इसकी पुष्टि की कि सरसरी तौर पर यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। शव के कपड़ों में शक्तिवर्द्धक कैप्सूल बरामद हुए हैं। इसलिए हत्या के पीछे शक की सुई मामला आशनाई का होने की ओर घूम रही है।






Leave a comment