उरई। जालौन नगर में लगातार तीन दिन से बिजली व्यवस्था ध्वस्त होने के कारण भीषण गर्मी में लोगों का जीना मुहाल है। घंटों के हिसाब से दिन और रात में हो रही कटौती के कारण न तो लोग रात में सो पा रहे हैं और न दिन में चैन से रह पा रहे हैं। पेयजल का संकट अलग गहरा गया है।
ईद के त्यौहार के अगले दिन से ही नगर की बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई। मंगलवार को पूरे दिन में टुकड़ों में केवल तीन-चार घंटे बिजली मिली। सायं साढ़े सात बजे से रात 12 बजे तक लगातार बिजली गायब रही। इसके बाद भी कटौती का सिलसिला खत्म नही हुआ आज भी यही हाल रहा।
रानी सोनी, नीलम श्रीवास्तव, सुमन सोनी, अनुराधा अग्रवाल, करुणा सिंह सेंगर और आशा श्रीवास्तव आदि गृहणियों का कहना है कि बिजली न आने के कारण सबसे ज्यादा दिक्कत महिलाओं को हो रही है जिन्हें घर में रहना पड़ता है और आग के सामने चूल्हे पर काम करना पड़ता हैं उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि नगर में बिजली व्यवस्था सुचारू बनाई जाये और घोषणा के मुताबिक 20 घंटे आपूर्ति सुनिश्चित की जाये।





Leave a comment