उरई। जालौन कोतवाली क्षेत्र में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाला मामले में सजा सुनाने वाले रांची के सीबीआई अदालत के विशेष जज शिवपाल सिंह के शेखपुर खुर्द गांव स्थित पैतृक घर में बुधवार की रात चोरी हो गई। इस हाई प्रोफाइल चोरी के कारण सनसनी फैल गई और पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया।
शिवपाल सिंह के भाई सुरेंद्र पाल सिंह के मुताबिक वे लोग हवेली नुमा घर के बाहर के हिस्से में सो रहे थे। अज्ञात चोर छत के रास्ते से घर में घुसे और कमरों में संदूक, अटैची व अलमारियों के ताले तोड़कर 60 हजार रुपये नगद और जेवरात व अन्य सामान उठा ले गये। सुबह सामान अस्त-व्यस्त मिलने पर चोरी का पता चला। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
चर्चित जज के घर चोरी का मामला होने से पुलिस तेजी से हरकत में आई। अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने झांसी से छानबीन के लिए मौके पर श्वान दल बुलवाया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सर्विलांस और स्वाट टीम की भी मदद ली जा रही है। उन्होंने चोरी का जल्द खुलासा होने का भरोसा दिलाया।

Leave a comment