उरई। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस गुरुवार को सुबह जिले भर में विभिन्न स्थानों पर योग के आसनों का सामूहिक अभ्यास और प्रदर्शन के माध्यम से उत्साह पूर्वक मनाया गया।
मुख्य कार्यक्रम इंदिरा स्टेडियम में आयोजित किया गया जिसमें सांसद भानुप्रताप वर्मा, तीनों विधायकों, जिलाधिकारी और सभी विभाग के अफसरों, महिलाओं, बच्चों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में योग किया। जिले के प्रभारी मंत्री जयकुमार जैकी को इसमें शामिल होना था लेकिन अस्वस्थ हो जाने के कारण वे इसमें हिस्सा नही ले पाये।
उधर योगाभ्यास प्रतियोगिता जनपद जालौन में प्रथम स्थान प्राप्त वंदना श्रीवास्तव को आज के दिन लखनऊ में राज्य शैक्षिक अनुसंधान परिषद में सम्मानित किया गया।
स्टेशन रोड स्थित संस्कान ग्रामोत्थान संस्था के तत्वावधान में रेलवे कालोनी स्काउट परिसर में एसबी विश्वकर्मा स्टेशन प्रबंधक के निर्देशन में योगाभ्यास किया गया। कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष आरके शाक्य, सचिव मनीष नागर, बीएम निरंजन, श्याम कुंवर, अनिल, शोभा देवी, सुमन, अंकिता, कमल, आशुतोष पाल, ऋषभ दीक्षित, रामस्वरूप, अमन, अंशू आदि उपस्थित रहे। इस अवसर पर एक पीपल के दो आम व दो-दो जामुन के पौधे भी रोपे गये। कार्यक्रम के समापन पर डा. आरके शाक्य ने शिविर में आये सभी लोगों को फल वितरण कर उनका आभार प्रकट किया।
माधौगढ़ में तहसील परिसर में उप जिलाधिकारी मनोज की अध्यक्षता में योग दिवस मनाया गया। जिसमें तहसीलदार व अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
जालौन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर जगह-जगह योग शिविरों का आयोजन किया गया। जिसमें योगाचार्यो ने योगाभ्यास कराया। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ तथा पतंजलि योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित योग शिविर में योग गुरु वाचस्पति मिश्रा ने सैकड़ों लोगों को योगासन कराया। तहसील परिसर में पवन श्रीवास्तव ने योगाभ्यास कराया जिसमें उप जिलाधिकारी भैरपाल सिंह के अलावा तहसील कर्मचारियों ने योग किया। इसके अलावा आयुर्वेदिक चिकित्सालय, केशव देव तिवारी महाविद्यालय में प्रवीण त्रिपाठी ने योग कराया तथा लोगों को योगाभ्यास से निरोग रहने की जानकारी दी।

Leave a comment