जालौन-उरई । छत पर सोने को लेकर हुए विवाद में पिता व भाई द्वारा मिलकर पति पत्नी के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत पीडि़त ने कोतवाली में तहरीर देते हुए की। वहीं दूसरे पक्ष ने भी कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धनौरा निवासी पंकज कुमार ने पुलिस को बताया कि वह बाहर रहकर काम करता है। सोमवार को ही वह वापस घर लौटा है। रात में गर्मी अधिक होने पर वह पत्नी ज्योति सहित छत पर सोने के लिए जा रहा था। तभी उसके बड़े भाई मुन्नालाल उसे छत पर जाने के लिए मना करने लगे। सुबह जब उसने पिता कामता प्रसाद व मां गिरिजा देवी से शिकायत की तो वह भी मुन्नालाल का पक्ष लेकर उसके साथ गालीगलौज करने लगे। मना करने पर भाई मुन्नालाल, पिता कामता प्रसाद व मां गिरिजा देवी ने मिलकर उसे मारपीट कर घायल कर दिया। इतना ही नहीं उन्होंने उसे बचाने आई पत्नी ज्योति को भी नहीं बख्शा उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया। उधर भाई मुन्नालाल ने उसके साथ ही पिता व मां के साथ पंकज व उसकी पत्नी द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। वहीं दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।






Leave a comment