जालौन-उरई । नगर की बिजली व्यवस्था को ठीक कराने के लिए नगर के संभ्रांत लोगों ने ज्ञापन भी दिया तथा आम जनता ने उरई मार्ग जाम कर अपना आक्रोश भी प्रदर्शित किया किन्तु इसके बाद भी नगर को घोषणा के अनुसार बिजली नहीं मिल पा रही है।
प्रदेश सरकार तथा स्थानीय प्रशासन की घोषणा के अनुसार तहसील मुख्यालय को 20 घंटे बिजली मिलनी चाहिए। सरकार तथा अधिकारियों का यहा आदेश पूरी तरह हवाहवाई हो गया है। दस दिन से खराब बिजली व्यवस्था को लेकर नगर के विभिन्न दलों के नेताओं, संगठनों ने राज्यपाल व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को दिया तथा उरई जालौन मार्ग जाम कर अपना आक्रोश भी दिखाया। जनता की दिन प्रतिदिन बढ़ रही नाराजगी को देखते हुए उपजिलाधिकारी ने भाजपा, सपा के स्थानीय नेताओं के साथ बिजली विभाग के एसडीओ तथा जेई के साथ बैठक कर इस समस्या का हल तलाशने का प्रयास किया। तमाम प्रयासों के बाद भी नगर को 20 घंटे बिजली नहीं मिल पा रही है। दिन में तथा रात में बिजली लगातार ट्रपिंग करती रहती। पूरे दिन बिजली का लुका छिपी का खेल चलता है। यही हाल रात में रहता है। पानी बरसने के कारण कुटकी हो गई है जिसके कारण लोग खुले में सो नही पाते अंदर गर्मी के कारण नहीं सो पा रहे हैं। नगरवासी संतोष याज्ञिक, राज कुमार लाक्षाकार, प्रताप कुशवाहा, गौरव तिवारी, अखिलेश लाक्षाकार कहते हैं कि दिन में बिजली न आने से व्यापार चौपट हो रहा है। रात में बिजली न आने के कारण रात की नींद भी नहीं हो पा रही है। नगर की पटरी से उतरी बिजली व्यवस्था पर एसडीओ नवीन सिंह कहते हैं कि ओवरलोडिंग तथा लोकल फाल्ट के कारण ट्रिपिंग हो रही है। इसे ठीक किये जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।






Leave a comment