उरई। जालौन में दो दिन से लापता युवक का शव औरैया रोड पर घाट वाली माता के मंदिर के पास मलंगा नाले में मिला। पुलिस ने राहगीरों की मदद से शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मृतक की शिनाख्त मोहित राठौर (25वर्ष) पुत्र हरचरन राठौर निवासी मोहल्ला खटीकान के रूप में हुई है।
बताया गया है कि मृतक घर से दो दिन से लापता था। उसके पिता हरचरन का कहना है कि वे लोग नाते-रिश्तेदारों में उसकी खोज कर रहे थे। जबकि पुलिस को कोई सूचना नही दी गई। हरचरन के चार बेटों में मोहित दूसरे नंबर का था। उसका विवाह एक वर्ष पूर्व ही हुआ था। उसकी पत्नी गर्भवती है और उसका झांसी में उपचार चल रहा है। बुधवार को सुबह शौंच क्रिया के लिए गये लोगों को उसका शव दिखाई दिया। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाल संजय गुप्ता का कहना था कि मृतक ने आत्महत्या की है लेकिन पुख्ता जांच के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करना होगा।
यह भी पता चला है कि दो दिन पहले पुलिस ने बिरियाखेरा मंदिर के पास चार जुआरी पकड़े थे। जिसमें मोहित का छोटा भाई विकास भी शामिल था। अंदाजा लगाया जा रहा है कि कहीं ऐसा तो नही है कि फड़ पर मोहित भी रहा हो और पुलिस के डर से भाग निकला हो बाद में उसके साथ कोई हादसा हो गया हो।

Leave a comment