उरई। जालौन पुलिस ने एक चोर गैंग का पर्दाफाश किया है जो दुकानदारों और किसानों के लिए सिरदर्द बना हुआ था। तीन लोग इस मामले में चोरी किये गये सामान के साथ गिरफ्तार किये गये।
पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि गत 15 जून को जालौन में सुनील कुमार गुप्ता की दुकान का शटर उठाकर साड़ियां व नगदी चोरी कर ली गई थीं। जिसे लेकर पुलिस संभावित बदमाशों के पीछे लगी हुई थी।
उन्होंने बताया कि जालौन के कोतवाल संजय कुमार गुप्ता ने स्वाट टीम और सर्विलांस टीम के साथ खुद चोरों का पता लगाने के लिए मोर्चा संभाला। जिसमें तीन लोगों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई। आरोपियों के नाम सुनील परिहार निवासी ग्राम अजनारा थाना आटा, सददाम उर्फ लुक्का निवासी मोहल्ला खटीकान कस्बा जालौन और रिंकू बरार निवासी बदउआ क्योलारी थाना रेढ़र बताये गये हैं। इनके पास से सुनील गुप्ता की दुकान से चोरी किया गया तमाम सामान बरामद हुआ।
ट्रैक्टरों की बैट्रियां भी चुराते थे
आरोपियों से 9 बैट्रियां बरामद हुईं। तीनों ने कबूला कि गांव में या घर के बाहर किसानों के खड़े ट्रैक्टरों से वे बैट्रियां चोरी कर लेते थे। खेतों में लगे नलकूंपों से स्टार्टर चुरा लाते थे। जालौन में औरैया रोड पर दिनेश पांडेय के गिरे हुए होटल में चोरी करके लाये गये बैट्रियां और स्टार्टर रख देते थे।
बाइक भी थी चुराई
आरोपियों के पास से एक बजाज प्लेटिना बाइक भी बरामद हुई। उनके मुताबिक यह बाइक वे लोग हदरुख के पास से चोरी कर लाये थे जिसका नंबर मिटाकर उन्होंने नया फर्जी नंबर डाल दिया था। तीनों आरोपियों की पहले से क्रिमनल हिस्ट्री बताई गई है।






Leave a comment