उरई। क्षीर सागर परिवार की ओर से शनिवार को अपनत्व अभियान के तहत आचार्य नरेंद्र देव इंटर कालेज में भारत सरकार के वित्त राज्य मंत्री शिवप्रताप शुक्ल के मुख्यातिथ्य में भव्य आयोजन किया गया। इसमें क्षीर सागर परिवार के पूर्वज और पूर्व विधायक गोविंद नारायण तिवारी की प्रतिमा का अनावरण मुख्य अतिथि ने विशिष्टजनों के साथ किया। बाद में विभिन्न क्षेत्रों में कीर्तिमान स्थापित करने वाले समाज के आईकोन मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किये गये। सम्मानित होने वालों में जनपद के उद्योग और व्यापार जगत के सबसे चमकदार सितारे माने जाने वाले राघवेंद्र सिंह भाई जी भी शामिल रहे।
गरीब वर्ग के होनहारों को निःशुल्क बेहतरीन शिक्षा के लिए गत वर्ष क्षीर सागर परिवार के पूर्व ब्लाक प्रमुख सुदामा दीक्षित और उनकी पत्नी नम्रता दीक्षित ने अपनत्व अभियान का श्रीगणेश किया थ। उनकी इस सदाशयी कोशिश को इसकी प्रत्यक्ष सार्थकता के मददेनजर समाज के सभी वर्गों का व्यापक समर्थन मिला। इसी कड़ी में शनिवार को अपनत्व अभियान की वर्षगांठ पर शानदार समारोह आयोजित किया गया। इसमें शिवप्रताप शुक्ल के अलावा उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय भी पधारे। अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता और दिग्गज साहित्यकार यज्ञदत्त त्रिपाठी ने की। भाजपा के जिलाध्यक्ष, सांसद और विधायक के अलावा समाजवादी पार्टी के बुजुर्ग नेता इंद्रजीत सिंह यादव, एमएलसी रमा निरंजन के प्रतिनिधि आरपी निरंजन और जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि देवेंद्र निरंजन भी जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षाधिकारी के साथ मंचासीन रहे। संचालन शिक्षक नेता युद्धवीर सिंह कंथरिया ने किया।
कार्यक्रम का सबसे मुख्य आकर्षण सभी क्षेत्रों के प्रेरक व्यक्तित्वों का सम्मान रहा। सम्मानित होने वालों में डां. रामशंकर द्विवेदी, अयोध्या प्रसाद कुमुद, कैलाश पाठक, रामकृष्ण शुक्ल, अनिल शर्मा, रामबाबू कौशल, डा. जितेंद्र माहेश्वरी, रमेश चंद्र उदैनिया, डा. राकेश द्विवेदी, मिर्जा साबिर वेग, छोटू मिस्त्री, शशिकांत द्विवेदी एडवोकेट, देवेंद्र वेद और शिक्षाविद अजय इटौरिया आदि भी उल्लेखनीय हैं।
वक्ताओं ने इस अवसर पर सुदामा दीक्षित और ममता दीक्षित की परोपकारी सोच की जमकर सराहना की और उन्हें पूरी मदद का भरोसा दिया।

Leave a comment