कोटद्वार, पौड़ी : नैनीडांडा ब्लॉक में पिपली-भौन मोटर मार्ग पर यात्रियों की एक बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में 50 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। एसडीआरएफ के आइजी संजय गुंज्याल ने बताया कि घायलों को दून लाया जाएगा। मृृतक सभी स्‍थानीय बताए जा रहे हैं। अभी दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना आज सुबह करीब 8:45 बजे की है। यात्रियों से खचाखच भरी एक प्राइवेट बस (यूके 12सी 0159) भौन से रामनगर जा रही थी। नैनीडांडा ब्लॉक में पिपली-भौन मोटर मार्ग पर क्‍वीन पुल के पास बस अनियंत्रित हो गई और खाई में गिर गई।

हादसे में 48 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई,  जबकि दो लोगों ने अस्‍पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में सात लोग घायल हो गए।  सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घायलों को धुमाकोट अस्‍पताल में भर्ती कराया है और शवों को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया।

बताया जा रहा है कि बस 28 सीटर है और उसमें 57 यात्री सवार थे। बस सड़क से करीब 60 मीटर नीचे संगुड़ी गदेरे (बरसाती नाले) में गिर गई। जिला आपदा कंट्रोल रूम ने हादसे में 50 लोगों के मरने की पुष्टि की है।

Leave a comment