
कालपी। कालपी के नेशनल हाइवे स्थित चौरासी गुम्बद के समीप अनियन्त्रित ट्रक द्वारा मोटरसाईकिल में टक्कर मार देने से 16 वर्षीय युवक गम्भीर रुप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कालपी में भर्ती कराया गया। जहां हालत चिंताजनक होने पर उरई रिफर किया गया। लेकिन हालत में सुधार न होने पर कानपुर जाते समय युवक ने दम तोड़ दिया। इकलौते पुत्र की मौत की खबर सुन मां व तीन बहनों का बुरा हाल देखने को मिला। पूरे मोहल्ले में मातम का माहौल देखने को मिला। उधर कोतवाली पुलिस ने पकड़े गए ट्रक को हिरासत मे लेते हुए अभियोग पंजीकृत कर लिया। तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय उरई भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार नगर के मुहल्लां राजेपुरा( रामचबूतरा ) कालपी निवासी 16 वर्षीय शिवा पुत्र स्व. जगन्नाथ रविवार की दोपहर नेशनल हाइवे रोड पर स्थित नवीन गल्ला मण्डी के पास अपनी अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल लेने पम्प पर जा रहे थे। कि तभी सामने से आ रहे ट्रक संख्या एमपी16 एच 00853 ने मोटरसाईकिल में टक्कर मार दी जिससे युवक गम्भीर रुप से घायल हो गया जिसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कालपी में भर्ती कराया गया। हालत गम्भीर होने पर डाक्टर विनय पाण्डेय द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल उरई के लिए रिफर किया है। लेकिन हालत में सुधार न होने पर युवक को कानपुर रिफर कर दिया गया। जहां ले जाते समय दम तोड़ दिया। उक्त घटना की जानकारी जैसे ही मां फूलकुंवर वही बहन प्रीति,रश्मि,सोनम को हुई वैसे ही मां अपने इकलौते बेटे व बहनें अपने इकलौते भाई की मौत की खबर सुन बिलख पड़ी।16 वर्षीय शिवा के पिता जगन्नाथ की मौत चार वर्ष पूर्व कैंसर की बीमारी से जूझते हो गई थी।पिता की मौत के बाद शिवा ही पूरे घर का खर्च चलाता था। शादी विवाह में फल काउन्टर लगाने के काम से अपनी परिवार का भरण-पोषण करता था। इस हृदय विदारक घटना की जानकारी मिलते ही पूरे मोहल्ले में मातम का माहौल देखने को मिला। हालांकि पुलिस ने आरोपी ट्रक को हिरासत मे लेते हुए अभियोग पंजीकृत कर लिया है। तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय उरई भेज दिया।






Leave a comment