कोंच-उरई । गुरुवार की सुबह नया पटेल नगर के रामकुंड इलाके में एक बाबा की प्लॉट में भरे पानी में डूब कर मौत हो गई। मृतक औरैया जिले का रहने बाला था और पिछले कुछ महीनों से कोंच में भीख मांग कर अपना गुजारा करते देखा जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है।

सुबह कस्बे के मोहल्ला नया पटेल नगर के रामकुंड कॉलोनी इलाके में बटोली निवासी बसोव के प्लॉट में भरे पानी में लोगों ने एक व्यक्ति को मृत पड़ा देखा और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मंडी चौकी इंचार्ज राजीवकांत, सिपाही लोचनसिंह ने मौके पर पहुंच कर शव को पानी से बाहर निकलवाया। पहले तो उसे अज्ञात समझा गया लेकिन जब पुलिस ने उसके कपड़ों को खंगाला तो उसका आधार मिल गया जिसके मुताबिक उसका नाम रमेशनाथ पुत्र दिलीपनाथ निवासी लालपुर नौली विधूना जिला औरैया है। मोहल्ले बालों की मानें तो पिछले कुछ महीनों से वह कस्बे में देखा जा रहा था और भीख मांग कर अपना पेट भरता था। मृतक नशे का भी आदी बताया गया है। पानी में वह कैसे गया फिलहाल इसके बारे में कोई कुछ नहीं बता सका लेकिन समझा जा रहा है कि नशे की झौंक में वह पानी में चला गया और उसकी मौत हो गई होगी। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। दरिद्र नारायण सेवा समिति के संयोजक कढोरेलाल यादव, गजराजसिंह सेंगर और मोहम्मद अहमद ने मौके पर पहुंच कर मृतक के क्रियाकर्म के लिये पुलिस को पंद्रह सौ रुपये की सहायता प्रदान की है।

 

 

Leave a comment