dig

कोंच-उरई । उपजिलाधिकारी गुलाब सिंह ने नि:शुल्क एवं आवश्यक शिक्षा के बारे में जानकारी देते हुये कहा कि सरकार हर स्तर लगातार प्रयास कर रही है कि गांव एवं शहर का हर बच्चा स्कूल में जाकर शिक्षण करे क्योंकि बेहतर भविष्य के लिये शिक्षा जितनी आवश्यक है उसी तरह यह हर बच्चे का अधिकार भी है। समस्यायें हर जगह हैं लेकिन उम्मीद का दिया जलाये रखना होगा। यह बात उन्होंने समर्पण जन कल्याण समिति के द्वारा बीआरसी परिसर कोंच में बेहतर शिक्षा हक अभियान के तहत शिक्षा पर जन संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कही।

एसडीएम ने एक उदाहरण देते हुये उन्होंने बताया कि एक जिले में उच्चाधिकारी ने तमाम उपस्थित अधिकारियों से पूछा कि यहां कितने लोगों ने सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की है। तब मौजूद अधिकारियों में लगभग सभी ने हाथ उठाकर यह बताया कि उन सभी ने सरकारी विद्यालय में पढ़ाई की है। इसलिये कोई भी बच्चा अपने आप को कमजोर न समझे और ईमानदारी के साथ पढाई कर अपने समाज एवं देश को आगे ले जाने का कार्य करे। शिक्षा संवाद कार्यक्रम में उपस्थित देवगांव, सलैया बुजुर्ग, चटसारी, बरहल एवं खैरी के प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालयों के आधा सैकड़ा से अधिक बच्चों ने अपने अपने स्कूल की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। देवगांव के प्राथमिक विद्यालय में बाउंड्रीवाल एवं अतिक्रमण की समस्या को गंभीरता से सुनकर इसे अतिशीघ्र सुलझाने का आश्वासन एसडीएम ने दिया। बरहल, सलैया एवं खैरी के स्कूलों में अध्यापकों की नियुक्ति, बाउंड्रीवाल व हैंडपंप से प्रदूषित पानी की समस्या को शासन स्तर तक भेजने की बात कही। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी अजितसिंह ने बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनकर उन्हें दूर करने का आश्वान दिया।

कार्यक्रम का संचालन बलवीरसिंह व डॉ. मृदुल दांतरे ने किया। कार्यक्रम में इंटरनेट साथी की जिला प्रबंधक तान्या गांधी, गोविंद, स्नेशराजा, रामकिशोर, प्रमोद कुमार, पूजादेवी, सुधा, वीरेन्द्रसिंह, गिरिजादेवी, कन्हैयालाल, राजा जोर्डन, शादाब अहमद, प्रदीपकुमार एवं एसएमसी सदस्या मौजूद रहे।

Leave a comment