उरई। आटा गांव स्थित बीएमटी इंटर कॉलेज के स्वर्ण जयंती वर्ष पर तीन दिवसीय अपनत्व महोत्सव आयोजित किया गया है। शनिवार को बच्चों के रंगारंग कार्यक्रमों के बीच महोत्सव का भव्य शुभारंभ होगा। इसके लिए कॉलेज को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मंच से लेकर पांडाल को सजाने में देर रात्रि तक सभी जुटे रहे। बुंदेलखंड की संस्कृति को जीवंत बनाए रखने के लिए बुंदेली कलाकार भी रिहर्सल में व्यस्त रहे, वहीं कॉलेज के बच्चे भी अतिथियों के स्वागत करने के लिए तैयारियों में जुटे रहे।
तीन दिवसीय अपनत्व समारोह के आयोजक पूर्व ब्लाक प्रमुख व भाजपा के प्रांतीय नेता सुदामा दीक्षित, कॉलेज की प्रबधंक नम्रता तिवारी दीक्षित ने बताया कि अपनत्व समारोह 15 से 17 दिसंबर तक आयोजित है। समारोह का भव्य शुभारंभ शनिवार को मुख्य अतिथि भाजपा के संगठन मंत्री सुनील बंसल फीता काटकर करेंगे। समारोह का पहला दिन स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसमें कॉलेज की स्वर्णिम यात्रा का प्रदर्शन होगा। इसके लिए प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें पहले दिवस से से लेकर अब तक के उतार चढाव चित्रों के माध्यम से देखने को मिलेंगे। समारोह में बुंदेलखंड की सभ्यता और संस्कृति का अदभुत संगम देखने को मिलेगा। राई नृत्य से लेकर दिवारी नृत्य मुख्य आकर्षण होंगे। इतना ही नहीं इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। कॉलेज के बच्चे और अपनत्व के तहत गोद लिए गए 150 बच्चों में से मेधावी इसके लिए पूरी तरह तैयार है। कार्यक्रम का शुभारंभ अपनत्व गीत के साथ सरस्वती वंदना और दीप प्रज्जवलन से होगा। पहले दिन के मुख्य अतिथि सुनील बंसल का स्वागत भी कॉलेज के बच्चों की ओर से किया जाएगा। दूसरे दिन पुरातन छात्रों का संगम होगा। बीएमटी के वटवृक्ष के नीचे अध्ययन करने के बाद आज तरक्की के शिखर पर जो पहुंचे है वह अपने अनुभव भी साझा करेंगे। समापन सत्र सोमवार को होगा। इसमें देश के विभिन्न प्रांतों के नामी गिरामी पहलवान अपने हुनर और दांव पेच दिखाएंगे। महिला पहलवान पुरुष पहलवानों को चुनौती देती नजर आएंगी। तीन दिन की भव्यता के लिए शुक्रवार को आयोजक मंडल पूरे दिन पसीना बहाता रहा। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए देर रात तक कॉलेज प्रशासन जुटा रहा। मंच की साज सज्जा से लेकर पांडाल को भव्य रूप देने का प्रयास किया गया। कॉलेज को विभिन्न रंगो से रंगते हुए दुल्हन की तरह सजाया गया।समारोह की वजह से यातायात प्रभावित न हो इसके लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की गई।

Leave a comment