उरई। कस्बा आटा स्थित बेनी माधव तिवारी इंटर कालेज की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में मनाये जा रहे तीन दिवसीय अपनत्व महोत्सव का रंगारंग शुभारंभ शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने किया । उन्होने इस अवसर पर इंटर कालेज की वार्षिक पत्रिका का विमोचन भी किया । भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह , जिलाध्यक्ष नागेंद्र गुप्ता और सांसद व जिले के तीनों विधायक भी मंच पर मौजूद रहे ।

इसके पहले बैंडबाजों के बीच उन्होने स्काउट की परेड के साथ कालेज परिसर का भ्रमण किया । बुंदेलखंड के पारंपरिक वाद्य रमतूला बजाते हुए रंग बिरंगे परिधानों में सजे लोक कलाकारों ने उनका स्वागत किया । मिर्जा साबिर बेग ने उनके सम्मान में अपनी सुरीली आवाज में एक गीत गाया । कालेज की छात्राओं ने आकर्षक मयूर नृत्य की प्रस्तुति से उनको नवाजा ।

बेनी माधव इंटर कालेज की प्रबंधिका नम्रता तिवारी दीक्षित ने कालेज की प्रगति रिपोर्ट पढ़ी । उन्होने बताया कि उनके दादाजी पूर्व विधायक स्वर्गीय गोविंद नारायण तिवारी ने अपने पिता महान स्वतंत्रता सेनानी बेनी माधव तिवारी की स्मृति में 50 वर्ष पहले खपरैल के कमरों में इस इंटर कालेज की शुरुआत की थी जो आज वटवृक्ष का रूप ले चुका है । आज इस कालेज में 1800 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं जिनमें 60 प्रतिशत छात्राएं हैं । कार्यक्रम के संयोजक और भाजपा के प्रदेशीय नेता सुदामा दीक्षित ने अपनत्व महोत्सव की थीम पर प्रकाश डाला । सभा का संचालन युद्धवीर सिंह कंथरिया ने किया ।

 

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य और शिक्षाविद बड़ी संख्या में जुटे थे । छात्र – छात्राओं ने अपनी अलग – अलग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अतिथियों का मन मोह लिया । इस अवसर पर सुनील बंसल ने कहा कि केवल किताबी पढ़ाई से शिक्षा का उद्देश्य पूरा नहीं हो जाता । शिक्षा ऐसी होनी चाहिये जिससे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का संपूर्ण विकास हो सके । उन्हे खुशी है कि बेनी माधव तिवारी इंटर कालेज में शिक्षा के इस ध्येय को साकार रूप दिया जा रहा है ।

 

Leave a comment