
उरई । हाईवे पर जोल्हूपुर के पास 4 महीने पहले लूटे गए ट्रक के मामले में वांछित 20 हजार के इनामी आरोपित को कालपी पुलिस ने स्वाट टीम और सर्विलान्स विंग की सहायता से मंगलवार को दबोच लिया । गिरफ़्तारी के समय आरोपित के कब्जे से कारतूस सहित तमंचा बरामद किया गया ।
गत 12 अगस्त की रात कानपुर देहात के मंगलपुर थाना के झींझक निवासी वीरेंद्र प्रताप सिंह तोमर का ट्रक भोगनीपुर से ईंटा ले कर मध्यप्रदेश जा रहा था । इस दौरान अज्ञात बदमाश बहाने से ट्रक में सवार हो गए और ट्रक को वापस कानपुर की ओर ले गए । बाद में वे जोल्हूपुर के पास ड्रायवर और हेल्पर को हाथ पर बांध कर फेंक गए और ट्रक खुद ले कर रफूचक्कर हो गए ।
मुक़दमा दर्ज होने पर पुलिस की गहन छानबीन के परिणामस्वरूप आधा दर्जन बदमाशों के नाम प्रकाश में आए । इसमें 5 लोग तो पहले ही ट्रक के साथ गिरफ्तार किए जा चुके थे जबकि एक अन्य आरोपित रंजीत सिंह निवासी ग्राम जरीहा थाना कौंधियारा जनपद इलाहाबाद पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका था । अंततोगत्वा पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ़्तारी के लिए 20 हजार रुपए इनाम घोषित कर दिया फिर भी वह पुलिस की पकड़ से दूर रहा । पुलिस अधीक्षक डॉ अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि आज कालपी के प्रभारी निरीक्षक सुधाकर मिश्रा को सूचना मिली कि रंजीत कदौरा रोड पर रेलवे क्रासिंग के आगे मौजूद है । इस पर उन्होने सर्विलान्स प्रभारी महेश द्विवेदी के साथ मौके पर पहुंच कर घेर लिया । उसने सड़क से कूद कर खेतों के रास्ते भागने की कोशिश की लेकिन वह पुलिस का घेरा नहीं तोड़ सका । तलाशी में उसके पास एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए । उसे पूंछताछ के बाद जेल भेज दिया गया ।






Leave a comment