कोंच-उरई । विकास खंड कोंच के दो गांवों में पिछले कई महीनों से खाली चल रहे कोटों में खुली बैठकों में हुए फैसलों के बाद नए कोटेदारों की नियुक्ति कर दी गई है। दोनों गांवों में पूर्व कोटेदारों को अनियमितताओं के चलते पहले निलंबित किया गया था और बाद में इनको बर्खास्त कर दिया गया था।

बीडीओ कोंच सत्तीदीन वर्मा ने बताया है कि विकास खंड के ग्राम सतोह तथा जमरोही खुर्द में उपभोक्तओं की शिकायत पर एआरओ द्वारा जांच की गई थी जिनमें तमाम अनियमितताएं सामने आईं थीं। दोनों कोटेदारों की दुकानें निलंबित कर दी गई थीं जिन्हें बाद में बर्खास्त कर दिया गया था। इस तरह पिछले कई महीने से इन दोनों गांवों में उचित दर की दुकानें नहीं होने से उपभोक्ता परेशान थे। जमरोही में शनिवार को ग्राम सभा की खुली बैठक हुई जिसमें कोटे के लिए तीन लोग मैदान में होने के कारण मतदान की स्थिति बन गई और वासुदेव सबसे ज्यादा वोट पाकर कोटा पाने के हकदार बन गए। इस दौरान बीडीओ सत्तीदीन वर्मा, एआरओ मनोज तिवारी, एडीओ पंचायत नरेश दुवे, सचिव नृपेन्द्र विक्रम, ग्राम प्रधान रामकरन यादव आदि उपस्थित रहे। सतोह में दो दिन पूर्व हुई खुली बैठक में कोटा उदय के नाम हुआ।

Leave a comment