
* स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा 2018 में नदीगांव नगर पंचायत को पहला, कोंच नगर पालिका को मिला तीसरा स्थान
कोंच-उरई । स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा की लखनऊ की टीम द्वारा की गई मॉनीटरिंग में कोंच और नदीगांव साफ सफाई में बाजी मार ले गए। नगर पंचायत नदीगांव को जिले में पहला और कोंच को तीसरा स्थान मिला है। इन दोनों निकायों को कल 23 दिसंबर को जिलाधिकारी डॉ. मन्नान अख्तर जिला मुख्यालय पर सम्मानित करेंगे।

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत निकायों में साफ सफाई बनी रहने के लिए प्रतिस्पर्धा चलाई गई थी जिसे स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा का नाम दिया गया था। साल पूरा होने के बाद राज्य मुख्यालय से आई टीम के सदस्यों मंडल डिवीजनल प्रोजेक्ट मैनेजर विपिन पटेल, जिला कोऑर्डीनेटर स्वच्छ भारत मिशन संदीप सेंगर तथा जिला प्रोजेक्ट मैनेजर तापस तरसौलिया ने इन वार्डों को जांच परख कर रेटिंग दी थी जिसमें नदीगांव नगर पंचायत को जिले में पहला स्थान मिलने का गौरव प्राप्त हुआ है जबकि कोंच नगर पालिका रेटिंग में थोड़ा सा पिछड़ गई जिसके चलते दूसरा स्थान उरई के खाते में चला गया और कोंच को तीसरा स्थान मिला है। गौरतलब यह है कि बीहड़ में बसे अति पिछड़े कस्बे नदीगांव की नगर पंचायत ने साफ सफाई में बाकई कमाल किया है, इसका श्रेय निश्चित रूप से नपं अध्यक्ष भानुप्रताप वर्मा, वार्ड सभासदों के अलावा ईओ बुद्घिप्रकाश की सफल रणनीति को दिया जा सकता है। ईओ बुद्घिप्रकाश ने बताया है कि कल 23 दिसंबर रविवार को जिला मुख्यालय पर डीएम डॉ. मन्नान अख्तर द्वारा नगर पालिका और नगर पंचायत को सम्मानित करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आगे वह और भी अच्छा करने का प्रयास करेंगे ताकि जिले में अव्वल आ सकें।
पांच निकायों की ये रही रेटिंग
जिले में जिन पांच निकायों को डीएम द्वारा सम्मानित किया जाना है उन्हें निरीक्षण टीम द्वारा दिए गए अंकों के आधार पर रेटिंग मिली है। पहला स्थान 1835 अंकों के साथ नदीगांव नगर पंचायत, दूसरा स्थान 1766 अंकों के साथ उरई नगर पालिका, तीसरा स्थान 1760 अंकों के साथ कोंच नगर पालिका, चौथा स्थान 1677.5 अंकों के साथ जालौन नगर पालिका तथा पांचवां स्थान 1676.25 अंकों के साथ नगर पंचायत कदौरा को मिला है।






Leave a comment