उरई । आगरा में पेट्रोल डाल कर जलायी गई छात्रा संजलि जाटव की मौत को ले कर भीम आर्मी सहित कई संगठन सोमवार को सड़कों पर उतर आये । गुस्साये प्रदर्शनकारियों ने अंबेडकर चौराहे पर जाम लगा दिया । कलेक्ट्रेट में भी प्रदर्शनकारियों और पुलिस में तीखी झड़पें हुई । अलग –अलग संगठनों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी सदर को सौंपे जिनमें घटना के दोषियों को फांसी पर लटकाने की मांग की गई ।

 

आज सुबह से ही  शहर में आगरा में कक्षा 10 की छात्रा संजलि को जिंदा जलाये जाने के मामले को ले कर बवाल शुरू हो गया । नीला गमछा डाले भीम आर्मी के  युवा कार्यकर्ताओं , दिव्यांग परिषद और रिपब्लिकन पार्टी ने व्यस्ततम अंबेडकर चौराहे पर धरना दे कर जाम लगा दिया । खबर पा कर कोतवाली से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया । काफी देर तक जद्दोजहद चलने के बाद जाम खुलवाया जा सका । प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की । इस दौरान भगवान दास अहिरवार , अजय सिंह , प्रमोद कुमार प्रभाकर, प्रहलाद सिंह बस्तेपुर , राधा सोनी आदि ने सभा को संबोधित किया ।

बाद में प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट पहुंच गए । उनके उग्र तेवर देख कर पुलिस ने उन्हे गेट पर ही रोक लिया । इस बीच भाकपा माले के नेता कामरेड राजीव कुशवाहा , राम सिंह चौधरी , हरीशंकर , पुष्पेन्द्र यादव , मीनू यादव , राजीव वर्मा , अनिल कुमार , मुकेश मौर्य आदि भी प्रदर्शन ले कर कलेक्ट्रेट गेट पहुंच गए । प्रदर्शनकारियों की कलेक्ट्रेट के भीतर घुसने को ले कर पुलिस से बहुत देर तक तकरार हुई । आखिर में पुलिस ने 5 नेताओं को भीतर जा कर ज्ञापन सौंपने की इजाजत दी । डीएम के पोर्च में नेताओं ने फिर नारेबाजी की तो कोतवाल आर के सिंह फोर्स ले कर दौड़े । आनन फानन उप जिलाधिकारी सदर विकास कश्यप को ज्ञापन लेने के लिए बुला कर माहौल शांत किया गया ।

Leave a comment