
* विरौरा हत्याकांड में आरोपी पक्ष के लोग धमका रहे हैं पीडि़त पक्ष को
कोंच-उरई । विरौरा हत्याकांड में आरोपी पक्ष के लोग पीडि़त पक्ष के लोगों को डरा धमका रहे हैं जिससे पीडि़त पक्ष के लोग भय के साए में रहने को मजबूर हैं। सोमवार को हत्याकांड के आरोपी पक्ष के लोगों ने पीडि़त पक्ष के एक व्यक्ति को रास्ते में रोक कर मारपीट कर दी और उसे मुकदमे की पैरवी नहीं करने की धमकी दी।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम विरौरा निवासी पूरनसिंह पुत्र श्यामलाल जो हत्याकांड में मारे गए सूरजसिंह का भतीजा है, सोमवार को सुबह अपने खेत पर शौच क्रिया के लिए जा रहा था तभी कमलेश पुत्र वृंदावन, दशरथ पुत्र जयराम निवासी विरौरा तथा प्रवीण पाल पुत्र फूलसिंह निवासी ब्यौना रियासत ने उसे घेर लिया और उसकी मारपीट कर दी। हमलावरों ने पूरनसिंह को मुकदमे की पैरवी नहीं करने के लिए धमकाया और देख लेने की ध्मकी देते हुए वहां से चले गए। गौरतलब है कि विगत 8 नवंबर को कोतवाली क्षेत्र के ग्राम विरौरा में आशनाई के चक्कर में दो पक्षों में विवाद हो गया था जिसमें एक व्यक्ति सूरजसिंह पाल की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी जबकि तीन लोग घायल हुए थे। इस मामले में मृतक के भाई प्रेमनारायण ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी पक्ष दबंग किस्म का है लिहाजा उसके पक्ष के लोग पीडि़त पक्ष पर दबाव बनाने के लिए लगातार उनका भयादोहन कर रहे हैं। आज की घटना भी उसी कड़ी में मानी जा रही है। पूरनसिंह ने सोमवार को कोतवाली में तहरीर दी है लेकिन समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी और पीडि़त पक्ष कोतवाली में ही बैठा था। कोतवाल संजयकुमार गुप्ता का कहना है कि तहरीर उन्हें मिल गई है, मामले की जांच कराई जा रही है। यदि मारपीट की घटना सही है तो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।






Leave a comment