
कोंच-उरई । स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा में तहसील कोंच की नदीगांव नगर पंचायत ने पूरे प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल कर न सिर्फ नदीगांव बल्कि समूचे कोंच तहसील क्षेत्र का मान बढाया है। मंगलवार को राज्य मुख्यालय लखनऊ में मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों नपं अध्यक्ष अध्यक्ष भानुप्रकाश वर्मा तथा ईओ बुद्घिप्रकाश को सम्मानित किया गया। यह सम्मान पाकर नगर पंचायत गद्गद् है। अध्यक्ष ने कहा है कि यह सम्मान पाते समय वह रोमांच का अनुभव कर रहे थे। इस सम्मान ने उन्हें नगर पंचायत के विकास के लिए और ऊर्जा के साथ काम करने की प्रेरणा दी है। उन्होंने बताया कि वार्ड के विकास के लिए शासन ने पंद्रह लाख रुपए देने की भी घोषणा की।
गौरतलब है कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत निकायों में साफ सफाई बनी रहने के लिए प्रतिस्पर्धा चलाई गई थी जिसे स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा का नाम दिया गया था। साल पूरा होने के बाद राज्य मुख्यालय से आई टीम ने इन वार्डों को जांच परख कर रेटिंग दी थी जिसमें नदीगांव नगर पंचायत को जिले में पहला स्थान और प्रदेश में तीसरा स्थान मिला। 23 दिसंबर को जिला मुख्यालय पर डीएम डॉ. मन्नान अख्तर द्वारा नगर पंचायत को सम्मानित किया गया था जबकि मंगलवार को लखनऊ में मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर पंचायत को सम्मानित किया है। नगर पंचायत को यह गौरव दिलाने में नपं अध्यक्ष भानुप्रकाश वर्मा के राजनैतिक गॉड फादर अभिमन्युसिंह डिंपल की परदे के पीछे की सकारात्मक भूमिका को नकारा नहीं जा सकता है। सम्मान लेते वक्त भी वह लखनऊ में साथ रहे। इसके अलावा ईओ बुद्घिप्रकाश, स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति के अध्यक्ष परमाल, सचिव रामस्वरूप आदि भी मौजूद रहे।






Leave a comment