कोंच-उरई । साप्ताहिक बंदी के दिन बुधवार को श्रम प्रवर्तन अधिकारी कोंच के बाजारों में घूमे और खुली दुकान बालों के नाम नोट किए। ऐसी कमोवेश दर्जन भर दुकानें पकड़ में आईं जबकि उनके बाजारों में घूमने की खबर मिलते ही हड़कंप मच गया और वे दुकानदार जो अपनी दुकानें खोले बैठे थे, आनन फानन शटरें गिरा कर भाग खड़े हुए। अधिकारी ने बताया कि इन दुकानदारों को नोटिस दिए जा रहे हैं, बाद में जुर्माना भी बसूला जाएगा।

बुधवार को कोंच में साप्ताहिक बंदी का दिन है लेकिन इस दिन भी कई दुकानदार अपनी अपनी दुकानें खोल कर बैठ जाते हैं। इस तरह की स्थिति से निपटने के लिए एसडीएम गुलाब सिंह की पहल पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी उरई आरके चतुर्वेदी बुधवार को नायब तहसीलदार राकेश राजपूत और कोतवाली की पुलिस फोर्स के साथ कोंच के बाजारों में निकले। मुख्य राजमार्ग के अलावा अधिकारी सब्जी मंडी, पसरट बाजार, वर्तन बाजार, मारकंडेयश्वर तिराहा, नदीगांव रोड आदि इलाकों में घूमे और कमोवेश दर्जन भर दुकानें खुलीं पकड़ ली। इन दुकानदारों के नाम उन्होंने नोट कर लिए हैं। अधिकारी का कहना है कि इन दुकानदारों को नोटिस दिए जा रहे हैं और जबाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर इनसे जुर्माना बसूला जाएगा। उन्होंने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर यह निरीक्षण किया गया है और आगे भी यह जारी रहेगा। साप्ताहिक बंदी के दिन दुकानें खुली रखना कानूनन गलत है, जो भी दुकानें खुली पाई जाएंगी उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान लिपिक आरसी द्विवेदी आदि मौजूद रहे।

 

 

Leave a comment