
कोंच-उरई । जन सुविधा केन्द्रों से आधार बनाने की सुविधा बापिस लेकर पोस्ट ऑफिसों के हाथों में देने के बाद आम जनता काफी परेशान है। आधार बनवाने पहुंच रहे लोगों को ये डाकघर बाले कोई न कोई बहाना करके टरकाने में लगे हैं जिससे लोगों की परेशानियां बढ गई हैं। इस समस्या से जूझ रहे लोगों की पैरोकारी में कुछ व्यापारियों ने एसडीएम गुलाब सिंह को ज्ञापन देकर व्यवस्था सुधरवाने की मांग की है।
गौरतलब हैं कि पहले जन सुविधा केन्द्रों के मार्फत आधार कार्ड बनाए जाते थे और उक्त व्यवस्था में लोगों के आधार बिना किसी दिक्कत के बन जाते थे लेकिन कुछ समय पूर्व इन जन सुविधा केन्द्रों पर आधार बनाने पर बंदिश लगा दी गई है और नई व्यवस्था में सर्राफा बाजार स्थित मुख्य डाकघर तथा बजरिया डाकघर को आधार बनाने के लिए नामित किया गया है। लोगों का आरोप है कि इन डाकघरों में जब कोई आधार बनवाने जाता है तो उसे कोई बहाना गढ कर चलता कर दिया जाता है जिससे आधार बनवाने के इच्छुक लोग परेशान हाल घूम रहे हैं। सर्राफा व्यवसायी प्रभंजन गर्ग तथा कपड़ा व्यवसायी संजीवकुमार गर्ग ने इस तरह बेपटरी हो चुकी व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए बुधवार को एसडीएम गुलाब सिंह से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन दिया है। एसडीएम ने भी तत्काल डाकघरों को आधार बनाने में आनाकानी नहीं करने की कड़ी नसीहत दे दी है।





Leave a comment