माधौगढ़-उरई । भाजपा सरकार में अधिकारियों की लापरवाही के आलम से बाहर नहीं निकलने पर विधायक की भौंहे तन गई तो लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों ने तत्काल टूटी सड़कों का निरीक्षण कर जल्द दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया।
माधौगढ़ गोहन रोड पर कुरसेंडा गांव में पुलिया पर सड़क धंस जाने से लगातार हादसे हो रहे थे। जिसको लेकर मंडल अध्यक्ष शत्रुघन सिंह सेंगर भी मुद्दे को उठाते रहे हैं लेकिन विभागीय अधिकारियों ने चुप्पी साधकर मामले को अनसुना कर दिया। भाजपा कार्यकर्तायों ने मामला विधायक मूलचंद निरंजन के सामने उठाया तो उन्होंने तत्काल विभाग के एक्सएईएन को समस्या के लिए मौके पर जाकर देखने को कहा। जिसके बाद विभाग ने कुरसेंडा सहित क्षेत्र की टूटी सड़कों का विधायक प्रतिनिधि महेश सिंह के साथ निरीक्षण किया और जल्द ही सभी सड़कों को सही कराने का आश्वासन दिया।
लोकनिर्माण की जगह से अतिक्रमण भी हटवाया जाएगा
विधायक की फटकार के बाद सक्रिय हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने कहा कि सड़कों के मरम्मतीकरण के साथ सड़क किनारे अवैध कब्जे को हटवाया जाएगा। माधौगढ़ में सड़क के दोनों ओर लोगों ने मिट्टी डालकर गुमटी और स्थायी निर्माण कर लिया है। जिनको अभियान चलाकर हटवाया जाएगा।







Leave a comment