
उरई । योजनाओं की जानकारी न होने से किसान सरकार द्वारा उनकी आमदनी बढ़ाने के लिए जा रहे प्रयासों का भलीभांति लाभ नहीं उठा पाते । सरकार ने किसान मेलों के आयोजन का सिलसिला इस मामले में उनकी जागरूकता बढ़ाने के लिए शुरू किया है । शुक्रवार को बोहदपुरा में भेड़ एवं बकरी प्रजनन प्रक्षेत्र में आयोजित किसान मेला के शुभारंभ के अवसर पर यह बात प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कही ।
इस अवसर पर राज्य सरकार द्वारा किसानों की भलाई के लिए उठाये गए महत्वपूर्ण कदमों की जानकारी देते हुए कृषि मंत्री ने बताया कि अकेले जालौन जिले में 316 करोड़ रुपए की कर्ज माफी का लाभ किसानों को दिया गया । किसानों को उपज का बाजिव मूल्य दिलाने के लिए इस वर्ष 53 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद समर्थन मूल्य पर की गई जो एक रिकार्ड है । साथ ही उन्हे एक सप्ताह में इसका भुगतान दिलाना सुनिश्चित किया गया ।
इसी क्रम में धान की सरकारी खरीद का समय 10 फरवरी तक और बढ़ा दिया गया है और 3 दिन के अंदर भुगतान उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है । पूरे प्रदेश में 6 लाख 60 हजार 300 कुंटल बीज अनुदान पर किसानों को वितरित किया गया । बीज ग्राम योजना में 50 प्रतिशत से बढ़ा कर 75 प्रतिशत कर दिया गया ।
इस दौरान कृषि मंत्री ने भेड़ बकरी प्रजनन प्रक्षेत्र के उच्चीकरण की 4 करोड़ 36 लाख रुपए की परियोजना का शिलान्यास किया । मुख्य विकास अधिकारी एवी सिंह , अपर जिलाधिकारी एपी सिंह , कृषि विभाग के उप निदेशक आर के तिवारी और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ आर पी एस गौर आदि अधिकारी और कालपी क्षेत्र के विधायक नरेंद्रपाल सिंह जादौन सहित कई भाजपा नेता भी मौजूद रहे ।





Leave a comment