उरई । बीकेडी एल्ड्रिच  पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव शनिवार को स्कूल प्रांगण में धूमधाम से आयोजित किया गया ।  रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे इस कार्यक्रम को नाम दिया गया था नवरस समारोह । मुख्य विकास अधिकारी एबी सिंह , सिटी मजिस्ट्रेट जे पी सिंह , जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल के साथ नगर पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा मुख्य अतिथियों के रूप में उपस्थित रह कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाते रहे ।

जिले में आधुनिक शिक्षा के क्षेत्र में ब्रांड के रूप में स्थापित हो चुके बीकेडी एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल का 21 वाँ वार्षिकोत्सव आज उसकी ख्याति के अनुरूप भव्यता और गरिमा के साथ आयोजित हुआ । विभिन्न रंगों में बच्चों की सधी हुई स्मार्ट प्रस्तुतियों ने अतिथियों के साथ सैकड़ों की संख्या में उपस्थित कुलीन अभिभावकों का मन मोह लिया । नर्सरी और केजीबी के बच्चों तक ने जो कार्यक्रम परफ़ार्म किया उसमें आत्मविश्वास से भरे  उनके अंदाज ने उपस्थित लोगों को अभिभूत और गदगद कर दिया । लोगों के मुँह से प्रस्तुतियाँ देख कर बरबस निकाल रहा था – अद्भुत ।

मुख्य विकास अधिकारी एबी सिंह ने ऐसे स्कूल को संपूर्ण शिक्षा केंद्र की संज्ञा दी । उन्होने स्कूल संचालकों से नई पीढ़ी में दहेज और नशा विरोधी चेतना के लिए सहयोग माँगा । जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल ने इस अवसर पर जालौन जिला शिक्षा में नवाचार के मामले में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा नवाजे जाने की जानकारी सगर्व दी । उन्होने बताया कि राजकीय इंटर कालेजों की साख पुरातन छात्रों के माध्यम से नए सिरे से संवारने और नई पौध में वैज्ञानिक प्रतिमा को तराशने की जो पहल जालौन जिले में जिलाधिकारी डॉ मन्नान अख्तर के माध्यम से हुई उसके पूरे प्रदेश में अनुकरण के लिए शासनादेश जारी हुए हैं ।

 

स्वागत भाषण विद्यालय के निदेशक इं. अजय इटौरिया ने दिया । प्रिंसिपल सीमा श्रीखंडे ने विद्यालय के इतिहास की जानकारी दी । प्रबंधक सुविधा इटौरिया ने आभार जताया । शहर के प्रमुख शिक्षाविद और समाजसेवी शांति स्वरूप माहेश्वरी , डॉ सी पी गुप्ता , संजय सिंह ठाकुर महेंद्र सिंह पब्लिक स्कूल , महेश द्विवेदी , डॉ रामकिशोर पहारिया , रमाकांत द्विवेदी आदि भी उपस्थित थे ।

Leave a comment