उरई, 29 दिसंबर( हि.स.)। कांग्रेस नेता के कश्मीरी आतंकवादियों की हमदर्दी में दिये गए बयान पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भड़क गए । बजरंगियों ने नारेबाजी करते हुए बयान देने वाले नेता हाजी सगीर खान का अंबेडकर चौराहे पर पुतला फूंका । इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस में तीखी झड़प हुई ।

 

बजरंग दल के जिला संयोजक मनुराज तिवारी का आरोप है कि कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के पर्यवेक्षक हाजी सगीर खान ने कश्मीर में आतंकवाद के नाम पर बेगुनाहों की हत्या की जाने का बेहूदा बयान दिया है । उन्होने कहा कि सगीर खान ने कांग्रेस की सरकार आने पर इन मौतों के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ा दंड देने और मारे गए लोगों के परिवार को 1-1 करोड़ रुपए मुआवजा दिलाने की घोषणा करके देशद्रोह का परिचय दिया है जिसे माफ नहीं किया जा सकता । आक्रोश प्रकट करते हुए उनके नेतृत्व में सगीर मुर्दाबाद का नारा लगा कर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया । इस दौरान वे भगत सिंह चौराहे पर हाजी सगीर का पुतला फूंकने लगे । इसी बीच प्रभारी निरीक्षक शिवगोपाल वर्मा फोर्स ले कर पहुंच गए और प्रदर्शनकारियों से पुतला छीनने लगे । इसे ले कर पुलिस और प्रदर्शनकारियों में काफी देर छीनाझपटी हुई ।

प्रदर्शन में मनुराज तिवारी के अलावा जिला गोरक्षा प्रमुख राजकुमार वीरा , सह संयोजक राज तिवारी , मीडिया प्रभारी राजेश साहू , नगर संयोजक योगेश , तन्नु, अजय , सूर्यान्शु दीक्षित , आदेश राजपूत , चंचल राजपूत , एसके लोधी , ज्ञानदीप सोनी , संदीप चौधरी , मोहित श्रीवास , यश पाल , ऋषभ ठाकुर , प्रिंस चतुर्वेदी , अभिषेक आदि प्रमुख रूप से शामिल थे ।

हिंदुस्थान समाचार /केपी सिंह ।

Leave a comment