उरई । सोमवार को कालपी तहसील अंतर्गत परासन गांव के ग्रामीणों ने पंचायत के कार्यों में धांधली के ख़िलाफ़ कोतवाली के सामने गांधी चबूतर पर दिन भर धरना दिया । ग्रामीण परासन के प्रधान और सचिव के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग कर रहे थे ।

अखिल भारतीय ग्रामीण व खेत मजदूर सभा के तत्वावधान में आयोजित इस हंगामी धरने के दौरान हुई सभा में कामरेड उदित नारायण ने कहा कि परासन में नाली व सड़क निर्माण में धांधली करके लाखों रुपए का भ्रष्टाचार किया गया है जिसकी कई बार प्रार्थना पत्र दिये जाने के वाबजूद जांच नहीं कराई जा रही है । धर्मेन्द्र सिंह , गजराज सिंह , राकेश कुमार ने शौचालय , आवास योजना और नलकूप लगाने में मनमानी का आरोप लगाया । उन्होने कहा कि इस रवैये के कारण पात्र लोगों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है । धरने में महिलाएँ और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल थे ।

प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी करते रहे जिससे व्यस्ततम बाजार क्षेत्र में तमाशाइयों की भीड़ उमड़ती रही जिसके चलते जाम की स्थिति बनी रही । पुलिस ने  प्रदर्शन पर सतर्क निगाह बनाये रखी  हालांकि वह प्रदर्शनकारियों की टोकाटाकी से बचती रही जिससे टकराव की नौबत नहीं आ पायी ।

Leave a comment